⚫ खाद की कालाबाजारी से त्रस्त किसानों का फूटा आक्रोश, बकाया भुगतान और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
फूलबेहड़, लखीमपुर खीरी. खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और किसानों की आवाज़ अब आंदोलन का रूप लेने लगी है। इसी क्रम में भारतीय किसान संघ की फूलबेहड़ इकाई ने ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्रा के नेतृत्व में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर खंड विकास कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र में खाद की कथित कालाबाजारी, बजाज ग्रुप द्वारा किसानों के बकाया भुगतान में हो रही देरी, पंचायत स्तर पर निर्मित आरसी सेंटर के उपयोग न होने तथा अन्य स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते इन मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। इस दौरान जिला गन्ना प्रमुख मस्तराम दीक्षित, जिला कार्यकारिणी सदस्य भाई लाल भार्गव, विकासखंड मंत्री अजित सिंह, प्रचार प्रमुख किशन मिश्रा, गौ सेवा प्रमुख नेक राम यादव, रमेश जायसवाल, दिलीप भार्गव, नितिन सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की मांग की गई। वहीं कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक प्रमुख बीना सिंह को भी किसानों की समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपा। ब्लॉक प्रमुख ने किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. किसानों का कहना है कि अन्नदाता की समस्याओं को अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। समय पर खाद, भुगतान और सरकारी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments