🔘 संस्कारों की नींव पर सशक्त भविष्य गढ़ने का संकल्प बना विद्वत परिषद गठन
लखीमपुर-खीरी। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर जब संस्कार, समाजबोध और राष्ट्र निर्माण की चेतना से जुड़ती है, तभी वह वास्तव में सार्थक बनती है। इसी उद्देश्य को आत्मसात करते हुए सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को ‘‘विद्वत परिषद गठन’’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रबुद्ध एवं अनुभवी व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन से विद्यालय की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण बनाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा बाजपेई ने मंचासीन अतिथियों एवं नगर के आमंत्रित विद्वतजनों का परिचय कराते हुए विद्वत परिषद की अवधारणा, उद्देश्य एवं उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यालय विकास एवं शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन हेतु गठित विद्वत परिषद में क्षमा टण्डन को अध्यक्ष, कर्नल सी.पी. मिश्रा को उपाध्यक्ष, राम मोहन गुप्ता को मंत्री, डॉ. विशाल द्विवेदी को सह मंत्री तथा डॉ. आर.के. जायसवाल, डॉ. शालू गुप्ता, एस.पी. बाजपेई, संतोष गौड़, सीए श्रवण गुप्ता, प्रीति दीक्षित, प्रेरणा वर्मा पितरिया एवं राजेश दीक्षित को सदस्य मनोनीत किया गया। परिषद के सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ग्रहण की।
अध्यक्ष क्षमा टण्डन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों से भी जोड़ सके। वहीं कर्नल सी.पी. मिश्रा ने छात्राओं के भविष्य निर्माण हेतु विद्यालय में कैरियर काउंसिलिंग सेल स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि छात्राओं को समयानुकूल मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। सह मंत्री डॉ. विशाल द्विवेदी ने कहा कि किसी भी छात्रा के व्यक्तित्व विकास में शिक्षक, विद्यालय एवं परिवार, तीनों की समान और महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन तीनों के मध्य सशक्त समन्वय ही छात्रा को श्रेष्ठ नागरिक बनाने का आधार बनता है।
मंत्री राम मोहन गुप्ता ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं चरित्र निर्माण को शिक्षा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि छात्राओं में सांस्कृतिक चेतना का विकास राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परिषद के सदस्य सीए श्रवण गुप्ता, एस.पी. बाजपेई सहित अन्य विद्वतजनों ने भी विद्यालय की प्रगति एवं छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा छात्राएं समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सशक्त भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान संतोष गौड़ ने विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। मेधावी छात्राओं के सम्मान से पूरे सभागार में प्रेरणा और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की सदस्य ममता अग्रवाल, नूतन गुप्ता, अवधेश गुप्ता, सीए अमित गुप्ता सहित नगर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उपप्रधानाचार्या डॉ. सीमा मिश्रा ने किया।बअंत में विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक चन्द्र भूषण साहनी, सदस्य विमल अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या शिप्रा बाजपेई ने सभी अतिथियों एवं विद्वतजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि परिषद से प्राप्त सुझावों एवं विचारों को विद्यालय विकास की योजनाओं में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments