🔘 लखीमपुर में पशु संरक्षण को नई दिशा देने जुटे पशु प्रेमी, दिखा करुणा का संकल्प, सेवा का संगम
लखीमपुर खीरी। जहाँ संवेदनाएं जीवित होती हैं, वहीं से समाज में बदलाव की शुरुआत होती है… और इसी भाव को साकार करते हुए एनीमल लवर सोसायटी लखीमपुर की एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी बैठक आज लखीमपुर-सीतापुर राजमार्ग स्थित तोलानी ब्रिक फील्ड कार्यालय में संपन्न हुई।
पशु संरक्षण, सुरक्षा और उनके समग्र विकास को केंद्र में रखकर आयोजित इस बैठक में सेवा और संवेदना का अद्भुत संगम देखने को मिला। संस्था के संरक्षक सुरेन्द्र कुमार तोलानी के मार्गदर्शन में, अध्यक्ष नूतन मिश्रा ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने हेतु सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके दायित्वों का स्पष्ट विभाजन करते हुए जिम्मेदारियाँ सौंपीं.
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार की संध्या को नियमित मासिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे कार्यों की समीक्षा और नई योजनाओं पर विमर्श हो सके। वहीं, प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को कोर कमेटी के सदस्य अपनी गौशाला का निरीक्षण कर पशुओं की स्थिति का जायजा लेंगे, यह निर्णय संस्था की जमीनी सक्रियता को और सुदृढ़ करेगा। संस्था अध्यक्ष नूतन मिश्रा ने बताया कि स्वानों (कुत्तों) की नसबंदी के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी से वार्ता हो चुकी है और इस दिशा में शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। यह पहल न केवल पशु कल्याण, बल्कि मानव-पशु सहअस्तित्व की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी। बैठक में एक और भावनात्मक एवं दूरदर्शी पहल पर चर्चा हुई, बीमार, असहाय स्वानों एवं अन्य पशु-पक्षियों के लिए शीघ्र ही एक सुरक्षित शेल्टर हाउस का निर्माण और उस पर तेजी। इस प्रस्ताव ने उपस्थित सभी पशु प्रेमियों के हृदय को स्पर्श किया और सेवा के संकल्प को और प्रबल बना दिया। संरक्षक सुरेन्द्र कुमार तोलानी ने सभी सदस्यों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “पशु सेवा ही सच्ची मानव सेवा है” और यही विचार इस संस्था की आत्मा है। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सूक्ष्म जलपान के साथ हुआ, लेकिन मन में सेवा का जो दीप जला, वह समाज को नई रोशनी देने के लिए पर्याप्त है। इस अवसर पर संस्था के महामंत्री प्रशांत लाला, उपाध्यक्षगण डॉ. अंकित श्रीवास्तव, तबरेज खान, डॉ. सुशील कुमार, कोर कमेटी सदस्य अरुण अवस्थी, गोलू जोशी, रंजीत वर्मा, दीपक गुलाटी, नीरज केशवानी सहित अनेक समर्पित पशु प्रेमी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। निस्वार्थ सेवा, करुणा और समर्पण का यह प्रयास निश्चित ही लखीमपुर में पशु संरक्षण की नई इबारत लिखेगा…।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments