लखीमपुर खीरी। राष्ट्रनिर्माण की भावना से ओतप्रोत, अराजनैतिक एवं सामाजिक-सांस्कृतिक स्वयंसेवी संस्था भारत विकास परिषद एक बार फिर अपने संगठनात्मक विस्तार और सुदृढ़ नेतृत्व के साथ आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। स्वामी विवेकानंद के प्रेरक आदर्शों को आधार बनाकर “स्वस्थ, समर्थ, संस्कृत भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए परिषद ने NCR-2 उत्तर मध्य क्षेत्र (अवध एवं नैमिष प्रांत) के पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए अनुभवी कार्यकर्ताओं पर पुनः विश्वास जताया है।
परिषद की केंद्रीय कमेटी द्वारा जारी निर्णय के अनुसार राजवीर सिंह को एक बार फिर क्षेत्रीय सचिव (संपर्क), NCR-2 उत्तर मध्य क्षेत्र (अवध एवं नैमिष प्रांत) का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और सेवा-भाव को देखते हुए यह निर्णय परिषद के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है। इसी क्रम में नैमिष प्रांत के नेतृत्व की कमान भी अनुभवी हाथों में सौंपी गई है।
प्रांत के अध्यक्ष पद पर रमेश कुमार वर्मा एडवोकेट को दायित्व दिया गया है,
जबकि संगठन की कार्यगत गति और योजनाओं के संचालन के लिए डॉ. पी. के. गुप्ता को पुनः प्रांतीय महासचिव बनाया गया है।
वहीं संगठन की वित्तीय व्यवस्था को सुदृढ़ रखने की जिम्मेदारी हरीश शाह को प्रांतीय वित्त सचिव के रूप में सौंपी गई है। केंद्रीय कमेटी द्वारा देर शाम इन नामों पर मुहर लगते ही परिषद के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। देर रात तक फोन, संदेश और विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बधाईयों का सिलसिला चलता रहा। परिषद से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की निरंतरता, विश्वास और सेवा-भाव की परंपरा का प्रतीक बताया। लखीमपुर खीरी की विभिन्न शाखाओं ने भी इस अवसर पर अपने हर्ष और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। लखीमपुर शाखा की अध्यक्ष रुचि बाजपेई, विवेकानन्द शाखा की अध्यक्ष अनीता निगम, संस्कृति शाखा के अध्यक्ष एड. आर्येंद्र पाल सिंह, संस्कार शाखा की अध्यक्ष अर्चना श्रीवास्तव तथा समृद्धि शाखा के अध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारियों ने नवनियुक्त दायित्वधारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में परिषद समाजसेवा के अपने अभियानों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी रूप में आगे बढ़ाएगी।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय सचिव (अवध एवं नैमिष प्रांत) राजवीर सिंह, नैमिष प्रांत अध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा एडवोकेट तथा प्रांतीय महासचिव डॉ. पी. के. गुप्ता भारत विकास परिषद की लखीमपुर शाखा के प्राथमिक सदस्य हैं, जबकि प्रांतीय वित्त सचिव हरीश शाह सीतापुर शाखा के प्राथमिक सदस्य हैं। समाजसेवा, संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावनाओं से प्रेरित भारत विकास परिषद वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। नए दायित्वों की घोषणा के साथ परिषद ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं जो निस्वार्थ भाव से समाज के उत्थान और राष्ट्र की उन्नति के लिए सतत प्रयासरत हैं। इन नियुक्तियों के साथ परिषद के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। विश्वास जताया जा रहा है कि अनुभवी नेतृत्व के मार्गदर्शन में परिषद का “स्वस्थ, समर्थ, संस्कृत भारत” का स्वप्न और अधिक सशक्त रूप से साकार होने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उक्त जानकारी परिषद नवनियुक्त क्षेत्रीय सचिव संपर्क राजवीर सिंह ने एक विज्ञप्ति में दी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments