चंबा, 13 फरवरी : भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, हमीरपुर द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत भट्ट प्रा. आईटीआई, भोंखरी मोड़, ब्लॉक भटियात, जिला चंबा में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं आईटीआई प्रबंधन के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता परवेज अली भट्ट, अध्यक्ष भट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, भोंखरी मोड़, बाथरी, जिला चंबा ने की।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक से आए सहायक प्रबंधक ज्ञान सिंह ने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा मुद्रा योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आईं सीएचओ श्रीमती आरती ठाकुर ने आयुष्मान भारत कार्ड, टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना एवं जननी शिशु सुरक्षा योजना के विषय में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय कलाकारों द्वारा गीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की गई। साथ ही विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं—जैसे जनधन योजना, मुद्रा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना—आम नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आईटीआई की प्रधानाचार्य श्रीमती रीता सहित संस्थान का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments