Breaking

शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026

राजकीय नेशनल कॉलेज, सिरसा में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिरसा, 13 फरवरी 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय केंद्रीय संचार ब्यूरो, हिसार द्वारा आज राजकीय नेशनल कॉलेज, सिरसा में केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को ‘विकसित भारत’, ‘प्रधानमंत्री जन-धन योजना’, ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ तथा ‘प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ सहित अन्य योजनाओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में राजकीय नेशनल कॉलेज, सिरसा की प्राचार्या डॉ. अनीता मारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी ही सशक्तिकरण का आधार है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि डॉ. संजीव गर्ग, मुख्य जिला प्रबंधक (एलडीएम), सिरसा ने केंद्र सरकार की बैंकिंग संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना तथा स्वरोजगार के अवसर सुलभ कराना है। उन्होंने बैंकिंग साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस अवसर पर श्रीमती हर्ष बाला, कार्यक्रम अधिकारी, विकसित भारत, सिरसा ने विकसित भारत के अंतर्गत ग्रामीण विकास से संबंधित पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो की सांस्कृतिक टीम द्वारा गीत, नाटक एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही मौखिक प्रश्नोत्तरी, पोस्टर पेंटिंग तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेता विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के संचालन में कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. साक्षी महता का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन केंद्रीय संचार ब्यूरो, हिसार के नोडल अधिकारी श्री नीरज महलावत एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन तथा विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments