Breaking

शुक्रवार, 9 जनवरी 2026

Lmp. ठिठुरती ठंड में करुणा की गर्माहट के साथ मनोज महेशा हॉस्पिटल ने बांटी सेहत की सौगात

🔘 ठिठुरती ठंड में करुणा की गर्माहट के साथ मनोज महेशा हॉस्पिटल ने बांटी सेहत की सौगात

लखीमपुर। जब सर्द हवाएँ शरीर को कंपकंपा रही थीं और ठंड इंसान की हिम्मत पर सवाल खड़े कर रही थी, तब मेला मैदान के निकट स्थित मनोज महेशा हॉस्पिटल ने मानवीय संवेदनाओं की अलख जलाते हुए मितौली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वीरमपुर गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर जरूरतमंदों के जीवन में आशा की ऊष्मा भर दी।
हॉस्पिटल के एमडी डॉ. मनोज वर्मा ने इस शिविर के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीणों को न केवल स्वास्थ्य परामर्श दिया, बल्कि उन्हें सहज उपलब्ध वनस्पतियों के औषधीय गुणों से भी परिचित कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार प्रकृति की गोद में पलने वाली साधारण जड़ी-बूटियाँ और पौधे, यदि नियमित खान-पान में शामिल किए जाएँ, तो गंभीर बीमारियों से बचाव का सशक्त माध्यम बन सकते हैं। शिविर के दौरान अस्पताल की समर्पित मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ा मार्गदर्शन प्रदान किया। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर संतोष और विश्वास की मुस्कान इस सेवा-भाव का मौन प्रमाण बनकर उभरी। इस बीच अस्पताल परिवार ने जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र एवं कम्बल वितरित कर मानवता का उदाहरण भी पेश किया। उल्लेखनीय है कि मनोज महेशा हॉस्पिटल इससे पूर्व भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में, सर्दी की परवाह किए बिना, भ्रमणशील रहकर स्वास्थ्य सेवा का सुरक्षा कवच प्रदान करता रहा है। यह पहल केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और मानवीय करुणा का जीवंत उदाहरण है। इस अवसर पर डॉ. मनोज वर्मा ने भावुक स्वर में कहा कि, “सेवा मेरे लिए कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य है। समाज ने हमें जो दिया है, उसे लौटाना हमारी जिम्मेदारी है।” उनके शब्दों के साथ प्रज्ज्वलित हुआ मानवीयता का वह दीपक, जिसकी लौ ठंड से जूझते ग्रामीण जीवन को नई रोशनी देता दृष्टिगोचर हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments