🔘 IKMG परिवार ने करुणा, श्रद्धा और आत्मनिर्भरता से किया नववर्ष का स्वागत
लखीमपुर। नूतन वर्ष के शुभ प्रभात के साथ जब आस्था ने सेवा का वरण किया, तब IKMG परिवार की पहल ने मानवता को एक नई दिशा दी। 1 जनवरी को वीर बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक चेतना के संग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल नववर्ष का अभिनंदन नहीं था, बल्कि संवेदनाओं से सजा वह उत्सव था, जिसमें सेवा ही सबसे बड़ा संकल्प बनी।
कार्यक्रम की सबसे प्रेरक झलक तब सामने आई, जब समाज के एक जरूरतमंद व्यक्ति को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने हेतु प्रेस मशीन प्रदान की गई। यह सहयोग केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वाभिमान, श्रम और आत्मविश्वास का संबल है—जो उसके भविष्य को सशक्त बनाएगा। IKMG परिवार ने इस प्रयास से यह संदेश दिया कि नववर्ष का सच्चा स्वागत दूसरों के जीवन में आशा का उजास भरने से होता है।
मानवता, करुणा और सेवा भाव से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में संस्था के लखीमपुर चेप्टर की संरक्षिका सविता चौपड़ा, अध्यक्ष रश्मि महेंद्र, सचिव संगीता महेंद्र सहित कविता शेखर, अंजुल जलोटा, शालिनी भल्ला, स्मिता मेहरोत्रा, रचना बरी, दुर्गा सेठ, श्रेया शेखर, रुचि खन्ना, अमिताभ जलोटा, वंदना मल्होत्रा, नूपुर महिंद्रा, रितु पुरी तथा अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
अध्यक्ष रश्मि महेंद्र ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि IKMG परिवार का उद्देश्य समाज में सेवा, सहानुभूति और आत्मनिर्भरता की संस्कृति को सुदृढ़ करना है।
निश्चय ही यह आयोजन इस बात का जीवंत प्रमाण बना कि जब नववर्ष का स्वागत करुणा से होता है, तब वह केवल तारीख नहीं बदलता समाज की दिशा बदल देता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments