Breaking

शुक्रवार, 16 जनवरी 2026

Lko. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया ‘लोकमंगल पंचांग’ का लोकार्पण

🔘 राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया ‘लोकमंगल पंचांग’ का लोकार्पण

लखनऊ। समाज के कोमल मूल्यों और नारी चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के अंतर्गत आशियाना की सामाजिक संस्था हौसला फॉउंडेशन द्वारा प्रकाशित ‘लोकमंगल पंचांग’ का लोकार्पण राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने गरिमामयी वातावरण में किया। यह अवसर न केवल एक प्रकाशन का था, बल्कि नारी सशक्तिकरण और किशोरियों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।
राज्य महिला आयोग मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. बबिता चौहान ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब बालिकाएँ और किशोरियाँ स्वयं को सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित महसूस करें। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से आगे आकर नारी सुरक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का भावपूर्ण आह्वान किया। लोकमंगल पंचांग की परिकल्पनाकार एवं हौसला फॉउंडेशन की अध्यक्ष नेहा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पिछले दो वर्षों से इस पंचांग का नियमित प्रकाशन कर रही है। यह पंचांग भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो नारी जीवन को दिशा और आत्मबल प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हौसला फॉउंडेशन नारी सामर्थ्य विकास के साथ-साथ समाजसेवा के विविध आयामों में निरंतर सक्रिय है। कार्यक्रम में स्त्रीत्व फॉउंडेशन की अध्यक्ष प्रिया मिश्रा, राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता तथा आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष सार्थकता प्रदान की। ‘लोकमंगल पंचांग’ का यह लोकार्पण केवल एक ग्रंथ का विमोचन नहीं, बल्कि नारी चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक उज्ज्वल संदेश बनकर उपस्थित रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments