🔘 दिव्यांग बच्चों के लिए ‘किड्स डे आउट’ का होगा तीन चरणों में भावनात्मक आयोजन
लखीमपुर खीरी। सेवा, संवेदना और सृजन की त्रिवेणी को जीवन-दर्शन मानने वाली जनजागृति समाजिक संस्था ने समाज के सबसे स्नेहिल और संवेदनशील वर्ग दिव्यांग बच्चों के लिए एक ऐसी पहल का श्रीगणेश किया है, जो केवल आयोजन नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों का जीवंत उत्सव है। ‘किड्स डे आउट’ थीम पर आधारित यह विशेष कार्यक्रम उन मासूम मुस्कानों को समर्पित है, जो अक्सर समाज की आपाधापी में अनदेखी रह जाती हैं।
संस्था द्वारा इस पुनीत उद्देश्य को साकार करने हेतु गुरुनानक इंटर कॉलेज में आयोजित तैयारी बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। आदर्श मूक बधिर विद्यालय के 41 दिव्यांग विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर यह आयोजन तीन चरणों में संपन्न किया जाएगा, जिससे प्रत्येक बच्चे को व्यक्तिगत ध्यान, आत्मीय सहभागिता और आत्मविश्वास से भरपूर अनुभव प्राप्त हो सके। बैठक में ठोस कार्ययोजना बनाते हुए संस्था के सदस्यों को दायित्व सौंपे गए। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देना, उनमें आत्मबल का संचार करना और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। चित्रकला एवं ड्राइंग कार्यशालाएँ, प्रेरणात्मक सत्र, इनडोर व आउटडोर खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा सहभागिता आधारित गतिविधियाँ बच्चों के लिए सीखने और मुस्कुराने के नए द्वार खोलेंगी। कार्यक्रम के तीन प्रेरक चरण इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं प्रथम चरण “खामोश सितारों की दुनिया” दिनांक 22 दिसंबर 2025, स्थान बन्स एन फ्राइज, लखीमपुर खीरी। इस चरण में कला गतिविधियाँ, कैरम प्रतियोगिता, सामूहिक भोजन एवं सम्मान समारोह के साथ प्रथम बैच के बच्चों का स्नेहिल स्वागत किया जाएगा। द्वितीय चरण “खामोश सितारों की दुनिया” दिनांक 5 जनवरी 2026। संगीत, नृत्य, इनडोर गेम्स और सामूहिक उल्लास के वातावरण में शेष बच्चों के लिए आनंदमय आयोजन किया जाएगा। तृतीय एवं समापन चरण : “बोलती नहीं, दिखती है प्रतिभा” दिनांक 14 जनवरी 2026 (मकर संक्रांति), स्थान आदर्श मूक बधिर विद्यालय परिसर। भव्य समापन समारोह में खेलकूद, उपहार वितरण, शिक्षकों एवं अतिथियों का सम्मान तथा खिचड़ी वितरण के साथ सेवा और संस्कार का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। तैयारी बैठक में मुख्य अतिथि संरक्षक सेवक सिंह अजमानी, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं संस्था के प्रदेश अध्यक्ष विपिन भारद्वाज, महामंत्री सरोज शर्मा, उपाध्यक्ष शोभित गुप्ता, जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल उपस्थित रहे। इसके साथ ही डॉ. प्रदीप निगम, नरेश चंद्र वर्मा, श्याम जी शेखर, डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, सतीश टंडन, परम वर्मा, गुरुनाम सिंह, राम जी शेखर, देवेंद्र सिंह, मुकेश सक्सेना, शोभित गुप्ता, मुनीर खान सहित अनेक गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक एवं कार्यक्रम का मंच संचालन राज नारायण वर्मा ने किया। जनजागृति समाजिक संस्था की यह पहल यह स्पष्ट संदेश देती है कि सेवा कोई औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि संवेदना का विस्तार है। जब समाज अपने विशेष बच्चों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होता है, तभी एक समावेशी, सशक्त और करुणामय भविष्य का निर्माण संभव होता है। यह आयोजन निस्संदेह बच्चों के जीवन में खुशियों के रंग भरेगा और समाज को मानवीय मूल्यों की ओर एक सार्थक कदम आगे बढ़ाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments