Breaking

शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025

Lmp. महिला क्लब समिति ने श्रद्धा और संकल्प संग मनाया 88वां स्थापना दिवस

🔘 महिला क्लब समिति ने श्रद्धा और संकल्प संग मनाया 88वां स्थापना दिवस

लखीमपुर-खीरी। सन् 1937 में स्वतंत्रता से पूर्व जिस संस्था ने लखीमपुर की सामाजिक चेतना में नारी अस्मिता की पहली दस्तक दी, उसी ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिला क्लब समिति ने आज 25 दिसंबर 2025 को अपना 88वां स्थापना दिवस गरिमामय, आध्यात्मिक और संस्कारमय वातावरण में मनाया।

स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और भक्ति की सरिता प्रवाहित हुई। साथ ही तुलसी पूजन दिवस के पावन अवसर पर तुलसी माता का विधिवत पूजन कर भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और नारी चेतना के शाश्वत मूल्यों का स्मरण किया गया। पूरा आयोजन धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता के भाव से ओतप्रोत रहा, जिसमें समिति की सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्षा नूपुर महेंद्र ने की, जबकि संचालन का दायित्व सचिव आराधना गुप्ता ने गरिमापूर्ण ढंग से निभाया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नूपुर महेंद्र ने संस्था की 88 वर्षों की प्रेरक, संघर्षशील और गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला क्लब समिति केवल एक संस्था नहीं, बल्कि नारी जागरण, सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा की जीवंत परंपरा है।

 उन्होंने महिलाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को लेकर संस्था की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। कार्यक्रम में यह भाव प्रमुखता से उभरा कि महिला क्लब समिति ने समय के हर दौर में समाज को दिशा दी है और आज भी वह संस्कार, सेवा और सशक्तिकरण के पथ पर निरंतर अग्रसर है। आस्था, आत्मबल और एकजुटता के संग 88 वर्षों की यह यात्रा नारी शक्ति के सशक्तिकरण की अमिट गाथा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments