मिदनियां तिराहे से एसएसबी तक बनेगा चमचमाता मार्ग! अवस्थापना विकास निधि से 1.94 करोड़ की परियोजना
लखीमपुर खीरी, 12 नवम्बर 2025। शहर की धड़कन कहे जाने वाले गढ़ी मार्ग पर अब विकास की नई सुबह उतरने जा रही है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की दूरदर्शी पहल पर मिदनियां तिराहे से एसएसबी तक का मार्ग अब जाम और जर्जरता से मुक्त होकर एक चमचमाते विकास पथ में बदलने वाला है।
लगभग ₹1.94 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना अवस्थापना विकास निधि और विकास शुल्क निधि से पूरी की जाएगी। कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपी गई है, जबकि इंटरलॉकिंग का कार्य जिला पंचायत निधि से संपन्न होगा। फिलहाल तीन मीटर चौड़ी यह सड़क अब 5.5 मीटर चौड़ी होकर नई शक्ल में नज़र आएगी। एक ओर पक्की नाली और दोनों किनारों पर इंटरलॉकिंग से सुसज्जित यह मार्ग न केवल शहर का यातायात सुगम बनाएगा, बल्कि सौंदर्य और सुविधा — दोनों में चार चाँद लगाएगा। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा गढ़ी मार्ग शहर का सबसे व्यस्त ट्रैफिक रूट है। इस सड़क के चौड़ीकरण से यातायात में राहत मिलेगी, जाम की समस्या समाप्त होगी और नागरिकों को आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। इस मार्ग के सुधरने से केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों के साथ-साथ एसएसबी बटालियन और स्थानीय परिवहन सेवा को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। यही नहीं, नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले हिस्से की पैचिंग का कार्य नगर पालिका परिषद द्वारा कराया जाएगा, ताकि पूरा मार्ग एक समान दुरुस्त और सुरक्षित बन सके।
जिलाधिकारी ने परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक तीन सदस्यीय पर्यवेक्षण समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह करेंगे, जबकि नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। यह टीम नियमित निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की रिपोर्ट सीधे डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को देगी।
यह परियोजना केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि शहर के विकास और सुशासन की नई परिभाषा है। यह उस प्रशासनिक दृष्टि की मिसाल है, जहाँ विकास केवल योजनाओं में नहीं, बल्कि जनता की सुविधा में झलकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments