कर्मचारी राज्य बीमा निगम, क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा द्वारा 'जनजातीय गौरव दिवस' का आयोजन
फरीदाबाद (हरियाणा): 14 नवंबर, 2025 – कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ई.एस.आई.सी.), क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा द्वारा भारत सरकार के आह्वान पर 14 नवंबर, 2025 को 'जनजातीय गौरव दिवस 2025' के अवसर पर गोष्ठी का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करना और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निदेशक, श्री सुगन लाल मीना ने की। मंच का कुशल संचालन श्री संजीव कुमार, महासचिव, ई.एस.आई.सी. एस.सी./एस.टी. एसोसिएशन हरियाणा, द्वारा किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्त पर श्री गौरव नेहरा, महासचिव ई.एस.आई.सी. कर्मचारी संघ हरियाणा ने व्याख्यान दिया जिसमें भगवान बिरसा मुंडा द्वारा भारत की आज़ादी, आदिवासी समाज के उत्थान और संघर्ष पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।
श्री बृजेश मिश्रा, सहायक निदेशक ने भारत के विकास और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में जनजातीय समुदायों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। झारखंड राज्य से आने वाली श्रीमती पूनम बाला, उपनिदेशक ने झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और आदिवासियों द्वारा इस सौंदर्य के संरक्षण के संघर्ष को रेखांकित किया।
क्षेत्रीय निदेशक, श्री सुगन लाल मीना ने अपने अध्यक्षीय भाषण में जनजातीय समुदायों के बलिदान और समर्पण को याद किया। उन्होंने जनजातीय जीवन से आधुनिक जीवन को पर्यावरण से तालमेल सीखने और उनकी आज के दौर में प्रासंगिकता पर बल दिया तथा सभी कर्मचारियों को उनके गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें श्री प्रतीक गर्ग (उपनिदेशक), श्री राकेश रोशन (चिकित्सा अधिकारी), और श्री रविन्द्र कुमार (सहायक निदेशक) शामिल थे। यह आयोजन जनजातीय नायकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने और उनकी विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने के ई.एस.आई.सी. के समर्पण को दर्शाता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments