उत्तर प्रदेश सरकार की महत्त्वपूर्ण योजना गड्ढा मुक्त सड़कों को ठेंगा दिखाती बेला मुंडी की सड़कें बनी अप्रत्याशित दुर्घटनाओं एवं गंदगी तथा बीमारियों का अड्डा
प्रयागराज यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत जसरा ब्लाक की ग्राम सभा बेला मुंडी की सड़कें आज लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी हैं। गांव में आने-जाने का जो एकमात्र मुख्य मार्ग बचा है, वह भी पूरी तरह से नारकीय स्थिति में तब्दील हो चुका है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है, बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा रहता है और जलभराव के कारण राहगीरों को न केवल पैदल चलना मुश्किल हो रहा है, बल्कि बाइक, साइकिल और चारपहिया वाहन चालकों को भी जान हथेली पर रखकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी दयनीय हो जाते हैं। सड़क पर कीचड़, जलभराव और दलदल जैसी स्थिति के कारण बच्चे स्कूल जाने से डरते हैं, महिलाएं और बुजुर्ग रास्ता पार करने से पहले कई बार सोचते हैं। लोगों का आरोप है कि वर्षों से इस सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई गई है। विकास कार्य के नाम पर केवल आश्वासन ही मिला है। चुनावों के समय नेता गांव में आकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन सड़क की दुर्दशा आज तक जस की तस है।ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क जसरा ब्लाक के कई गांवों को जोड़ती है और आसपास के हजारों लोगों का आना-जाना इसी रास्ते से होता है। खराब सड़क की वजह से एंबुलेंस तक फंस जाती है और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। बेला मुंडी के लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस मार्ग का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments