Breaking

शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025

केजीबीवी की बालिकाओं ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओ में दिलाया जनपद को गौरव

लखीमपुर खीरी,  दिनांक 09.10.2025, 
69वीं राज्य स्तरीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं में जनपद लखीमपुर खीरी की कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (KGBV) की बालिकाओं ने प्रतिभा और मेहनत के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया।
जनपद स्तर पर चयनित होकर मंडल और अंतर मंडलीय स्तर पर शानदार खेल प्रदर्शन के बाद अनेक बालिकाओं ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जगह बनाई। प्रदेश स्तर पर आयोजित विभिन्न खेलों में केजीबीवी की बालिकाओं ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

*कुश्ती प्रतियोगिता में साक्षी और सोनी ने जीता  ब्रॉन्ज मेडल* 
गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्राओं साक्षी और सोनी ने 53 किग्रा भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अर्जित कर जनपद का मान बढ़ाया।

*राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता  में काजल शाह और मुस्कान ने जीता सिल्वर मेडल*

 डोरेलाल स्टेडियम, बरेली में संपन्न हुई राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कक्षा 8 की काजल शाह और कक्षा 9 की मुस्कान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता।
इन उपलब्धियों पर पूरे जनपद को गर्व है।

*जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने* बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी बेटियों ने खेल के मैदान में अपनी मेहनत और प्रतिभा से जो सफलता अर्जित की है, वह पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। मैं इनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ।

जिला समन्वयक बालिका शिक्षा  रेनू श्रीवास्तव ने कहा कि यह सफलता बालिकाओं की लगन और शिक्षकों-प्रशिक्षकों के परिश्रम का परिणाम है।

टीम प्रभारी सरोजनी देवी, राज ऋषि शुक्ला, आराधना शुक्ला एवं मीनू देवी को भी इस उपलब्धि के लिए समस्त जनपद टीम ने बधाई दी।

प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। जनपद में मिशन शक्ति अभियान और  खेलों को समर्पित मिशन मैदान अभियान 
जिलाधिकारी  दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व में प्रभावी रूप से संचालित हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप बालिकाएं विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर उपलब्धियां अर्जित कर रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments