लखीमपुर-खीरी, 05 सितम्बर 2025। शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि विचारों के नए आयाम गढ़ने का नाम है। इसी सोच को साकार कर दिखाया है लखीमपुर-खीरी के विकास क्षेत्र नकहा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिरैंचा के शिक्षक पंकज वर्मा ने। उनके शैक्षिक नवाचार को प्रदेश के सुपर-30 नवाचारों में स्थान मिला है। यह चयन अपने आप में जिले और विद्यालय दोनों के लिए गर्व का विषय है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उदगम पोर्टल (Unifying Development of Great Academic Minds - Idea Bank Repository) और सुपर-30 बुक का लोकार्पण कर नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर चुने गए 30 नवाचारों का संकलन पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 10 नवाचारों पर लघु फिल्में भी तैयार की गई हैं. राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश द्वारा निर्मित उदगम पोर्टल शिक्षकों के रचनात्मक और शैक्षिक प्रयोगों को एक साझा मंच प्रदान करता है। इस मंच पर पंकज वर्मा जैसे नवाचारी अध्यापकों के विचार न केवल शिक्षा प्रणाली को नई दिशा दे रहे हैं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को भी नवप्रवर्तनशील सोच की ओर प्रेरित कर रहे हैं। अपने चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए पंकज वर्मा ने कहा जनवरी 2025 से शुरू हुआ यह सफर आज शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री के कर-कमलों से हुए विमोचन के साथ गर्व का क्षण बन गया। वीडियो स्क्रिप्ट से लेकर क्रोमा शूट और वॉइस ओवर तक इस नवाचार के हर चरण ने मुझे सीख और आनंद प्रदान किया। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा परिवार की है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय डॉ. गणेश कुमार (निदेशक, SCERT), डॉ. पवन सचान (संयुक्त निदेशक), दीपा तिवारी (सहायक निदेशक), डॉ. गुंजन रौतेला (प्रवक्ता शोध) तथा अपने सहयोगी लाल बहादुर मौर्या और शेखर यादव सहित उन सभी को दिया जिन्होंने इस यात्रा में साथ दिया। कुलमिलाकर पंकज वर्मा का यह नवाचार इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, मेहनत और नवीन सोच से गाँव का एक शिक्षक भी प्रदेश स्तर पर नई पहचान बना सकता है। उनका यह प्रयास न केवल शिक्षा जगत को समृद्ध करेगा, बल्कि आने वाले समय में हजारों बच्चों के जीवन में उजाला भरने का माध्यम भी बनेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments