Breaking

बुधवार, 24 सितंबर 2025

खीरी जिले के इन तीन पंजीकृत राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग का कारण बताओ नोटिस

लखीमपुर खीरी, 23 सितम्बर। भारत निर्वाचन आयोग ने वित्तीय और चुनावी पारदर्शिता को लेकर सख्ती दिखाते हुए जिले के तीन पंजीकृत राजनीतिक दलों एक्शन पार्टी, नई क्रांति पार्टी और राष्ट्रीय लोकशक्ति पार्टी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा ये नोटिस भेजे गए हैं। उक्त जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने दी।

जिन दलों को नोटिस जारी हुआ है उनमें नई क्रांति पार्टी (बाबा मृत्युंजयनाथ मंदिर, कुम्हारन टोला फर्स्ट, गोला गोकरननाथ), राष्ट्रीय लोकशक्ति पार्टी (अर्जुन नगर कॉलोनी, गोला गोकरननाथ) और एक्शन पार्टी (गांव एवं पोस्ट मैगलगंज, मुख्य बाजार, हरिचरनेश्वर महादेव मंदिर के पास, ब्लॉक पसगवां, जिला लखीमपुर-खीरी, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

आयोग के मुताबिक इन दलों ने न तो वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 के वार्षिक लेखापरीक्षित खाते समय पर जमा किए और न ही वर्ष 2019 से अब तक हुए विभिन्न चुनावों में भाग लेने के बावजूद निर्वाचन व्यय विवरणी तय अवधि विधानसभा चुनाव में 75 दिन और लोकसभा चुनाव में 90 दिन के भीतर प्रस्तुत की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ0प्र0 ने तीनों दलों को निर्देश दिया है कि वे 3 अक्टूबर 2025 तक हलफनामे सहित लिखित प्रत्यावेदन और अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत करें। सुनवाई के लिए अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं। 6 अक्टूबर, 2025 को प्रातः 10 बजे एक्शन पार्टी, 8 अक्टूबर,2025 को प्रातः 10 बजे नई क्रांति पार्टी और 9 अक्टूबर,2025 को प्रातः 10 बजे राष्ट्रीय लोकशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों को लखनऊ स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक उत्तर न मिलने पर स्वतः निर्णय लिया जाएगा, और सुनवाई में शामिल होने वाले दलों के पदाधिकारियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments