नोएडा। उम्र भले ही अस्सी, नब्बे या उससे भी पार कर जाए, लेकिन जीवन के अनुभव कभी बूढ़े नहीं होते। इन्हीं अनमोल अनुभवों, जीवन के संघर्षों और मधुर यादों को समर्पित भव्य आयोजन “जश्न-ए-तजुर्बात 2025” आगामी 4 अक्टूबर, शनिवार को नोएडा के एन.ई.ए. ऑडिटोरियम में संध्या 5:30 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
ओम विश्रांति चैरिटेबल सोसायटी एवं नवरत्न फाउंडेशन्स के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह समारोह अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस को एक नई पहचान देगा। इसमें 90 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, ताकि समाज को यह संदेश मिले कि अनुभव ही सबसे बड़ी धरोहर है। इस अवसर पर विशेष आकर्षण के रूप में प्रख्यात अभिनेता जॉय मुखर्जी पर फिल्माए गए गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां स्वयं वरिष्ठ नागरिक करेंगे, जो उपस्थित जनसमूह को बीते सुनहरे दौर की यादों से सराबोर कर देंगी। आयोजन समिति ने अपील की है कि यदि आपके आस-पास कोई ऐसे वरिष्ठ जन हैं जिनकी उम्र 90 वर्ष या उससे अधिक है, तो उनकी जानकारी अवश्य साझा करें ताकि उन्हें सम्मानित कर समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बनाया जा सके। आयोजन के सूत्रधार ज्योति सक्सेना (अध्यक्ष, ओम विश्रांति) एवं डॉ. अशोक श्रीवास्तव (अध्यक्ष, नवरत्न फाउंडेशन्स) ने जनमानस से आग्रह किया है कि वे समय से पधारकर न केवल इस पावन जश्न को गरिमा प्रदान करें, बल्कि स्नेहिल सहभोज का भी आनंद लें। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक संध्या नहीं, बल्कि उन जीवित इतिहासों को नमन है जिन्होंने अपनी मेहनत, संघर्ष और मूल्यों से आने वाली पीढ़ियों को राह दिखाई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments