दैनिक जनजागरण न्यूज का असर, जर्जर होकर खतरनाक बन चुके डेढ़ दर्जन विद्युत पोल की जेई ने कराई मरम्मत, जल्द ही सभी की हो जाएगी मरम्मत
सैदपुर नगर में गंभीर घटनाओं का कारण बनने के पूर्व जर्जर हो चुके विद्युत पोल की बिजली विभाग ने मरम्मत कराई है। बीते 24 अगस्त को दैनिक जनजागरण न्यूज में प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद अवर अभियंता दीपक कुमार ने इन पोल की मरम्मत शनिवार की शाम 4 बजे तक कराई। जिसके बाद नगरवासियों में हर्ष का माहौल है। बता दें कि नगर के विभिन्न हिस्सों में लगे हुए विद्युत पोल के निचले हिस्से काफी बुरी तरह से जर्जर होकर नष्ट हो गए थे। अधिकांश पोल या तो तिरछे होकर एक तरफ खतरनाक ढंग से झुक गए थे तो कहीं सिर्फ तारों के भरोसे अटके हुए थे। जिसके चलते ये पोल कभी भी गिरकर गंभीर घटना को अंजाम दे सकते थे। ये पोल ग्रामीण बैंक के पास, पश्चिम बाजार स्थित वार्ड 12 में, पूर्व चेयरमैन शीला सोनकर के घर के बाहर आदि स्थानों पर ये पोल इसी अवस्था में पड़े हैं। खबर को प्रकाशित होने के बाद जेई ने इसका संज्ञान लिया और एक-एक कर नगर में ऐसे पोल की मरम्मत करानी शुरू कर दी है। इस दौरान अब तक करीब डेढ़ दर्जन पोल की मरम्मत करा दी गई है। बताया कि जल्द ही पूरे नगर के सभी जर्जर हो चुके पोल की मरम्मत कराई जाएगी या फिर आवश्यक होने पर उन्हें बदलवा दिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments