जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा का औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं, जलापूर्ति और सड़क निर्माण में लापरवाही पर नाराजगी
प्रयागराज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मेजा और कोरांव तहसील क्षेत्रों में विकास कार्यों का व्यापक औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेजा, जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों, गौ- आश्रय स्थल कपूरी,निर्माणाधीन आईटीआई पथरपाल-कोरांव और कपूरी– बेलहट सड़क के कार्यों की प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर पानी की सप्लाई और निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।मेजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकीय मशीनों की उपलब्धता, चिकित्सकों और स्टाफ की उपस्थिति, महिला प्रसव वार्ड, एम्बुलेंस सेवा तथा रोगियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। गंदगी, शौचालयों की अनियमित सफाई और कूड़ा कलेक्शन की खराब व्यवस्था पर प्रभारी चिकित्साधिकारी और खंड विकास अधिकारी को तत्काल सफाई अभियान चलाने और स्थायी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। मरीजों से बातचीत में दवाओं की उपलब्धता, इलाज की स्थिति और स्टाफ के समय पर आने-जाने की जानकारी ली गई। जल जीवन मिशन के तहत मेजा और कोरांव क्षेत्र की पानी की टंकियों के निरीक्षण में पौसिया दुबे ग्राम की पूर्ण हो चुकी टंकी में पानी सप्लाई शुरू न होने और पथरताल में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। अधिशासी अभियंता को टेस्टिंग के दौरान सामने आई लिकेज की समस्या तुरंत दूर कर जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने का निर्देश दिया गया। कोरांव तहसील के कपूरी जोन–4 में भी कार्य धीमा पाए जाने पर अधिकारियों को चेतावनी दी गई। इस दौरान किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सड़क विकास कार्यों की समीक्षा में प्रांतीय खंड-लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही कपुरी–बेलहट सड़क का निरीक्षण किया गया और मार्च 2026 की समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में उपजिलाधिकारी मेजा और कोरांव, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments