Breaking

सोमवार, 15 सितंबर 2025

बेटियों को शोहदों से बचाने को सरकार की शानदार पहल

बेटियों को शोहदों से बचाने को सरकार की शानदार पहल, राजकीय विद्यालयों की छात्राएं सीख रहीं आत्मरक्षा के गुर

सिधौना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति के क्रम में जनपद के 27 राजकीय बालिका विद्यालयों में बच्चियों को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कालेज मौधा, खानपुर और रामपुर में प्रशिक्षक मोनी पाल बालिकाओं को सुरक्षा एवं स्वावलंबन के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही है। सभी राजकीय विद्यालयों में छात्राओं को तीन माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की ताइक्वांडो खिलाड़ी मोनी पाल ने बताया कि सरकार की पहल पर चल रहे इस प्रशिक्षण का उद्देश्य है कि छात्राएं शोहदों से स्वयं की रक्षा कर सकें। इस प्रशिक्षण में बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया जा रहा है। जिससे अचानक आये किसी मानवीय मुसीबतों से वह तत्काल मुकाबला कर सकें। जिले भर के 27 राजकीय बालिका विद्यालयों में कुल नौ प्रशिक्षक तीन-तीन विद्यालय में प्रतिदिन प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस प्रशिक्षण में छात्राओं को शारीरिक मजबूती संग अचानक शरीर पर हुए हमले से बचाव और प्रतिक्रिया स्वरूप हमला करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शरीर के साथ ही मानसिक रूप से भी मजबूती के लिए काउंसिलिंग की जा रही है। रामपुर में प्रिंसिपल सुमन यादव ने बताया कि तीन महीने की आत्मरक्षा के प्रशिक्षण से बालिकाएं स्वयं के साथ अन्य लड़कियों को भी जागरूक कर रही हैं। ताइक्वांडो, कराटे और व्यायाम के साथ योगाभ्यास भी कराया जा रहा है। बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मसुरक्षा, आत्मबल के माध्यम से विपरीत परिस्थितियों में स्वयं व परिवार की सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। जहां उन्हें आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ योग व सूक्ष्म व्यायाम के माध्यम से बालिकाओं को शारीरिक व मानसिक रुप से मजबूत किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments