Breaking

मंगलवार, 23 सितंबर 2025

“जो आए, वो गाए” सीजन-4 में अनसुनी आवाज़ों को मिला हौसलों का मंच, जोश और जुनून से गूँजा नोएडा

नोएडा, 21 सितम्बर 2025। संगीत की आत्मा से सराबोर और सुरों की मिठास से रंजित, नवरत्न फाउंडेशन्स का बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम “जो आए, वो गाए” एक बार फिर सुरमयी आभा के साथ लौट आया। क्लब-27, नोएडा में सीजन-4 के पहले भाग की धमाकेदार शुरुआत ने यह साबित कर दिया कि यह मंच अनदेखे और अनसुने प्रतिभाओं का सच्चा उत्सव है।

नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली से उमड़े तकरीबन 45 प्रतिभागियों ने मंच पाने हेतु पंजीकरण कराया, किंतु चयनित 31 कलाकारों ने जब सुरों की गंगा बहाई तो श्रोताओं का मन आनंद से झूम उठा। हर गायक ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से गुरुजनों और दर्शकों के हृदय को बाँध लिया। माहौल ऐसा था मानो हर सुर समाज को जोड़ने वाला कोई नया पुल रच रहा हो। इस उत्सव में निर्णायक मंडल भावना अवस्थी, पंकज माथुर और पुरुषोत्तम भट्ट ने सूक्ष्मता से प्रत्येक प्रस्तुति का मूल्यांकन किया। डिजिटल एंट्री और परिणाम संकलन का संयोजन अंशुमाली सिन्हा द्वारा किया गया। जब 31 प्रतिभागियों में से टॉप-5 विजेताओं की घोषणा हुई, तो सभागार करतल ध्वनि से गूँज उठा। अंकों के आधार पर विजेता रहे राजेश प्रूथी, अमित वार्ष्णेय, अविनाश दवे, मनीष गुजराती, वंदना कुमारी ये पाँच सितारे अब क्वार्टर फाइनल की ओर अग्रसर हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने स्वागत व संचालन से ऊर्जा का संचार किया। 

वहीं, विशिष्ट अतिथियों में बनारस घराने की प्रसिद्ध विदुषी भावना मिश्रा (कत्थक) और अपर्णा मिश्रा (गायन) की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। वे महान तबला वादक स्व. पं. सोहनलाल मिश्रा की पुत्रवधुएँ एवं शास्त्रीय संगीत के पुरोधा पं. किशन महाराज व पं. छन्नूलाल मिश्र की पौत्रियाँ हैं। महासचिव मुरलीधरन ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी संगीत प्रेमियों के हृदय में आशा और उमंग का संचार किया। इस अवसर पर रेखा पाठक, कर्नल अमिताभ अमित, कृष्ण मोहन, गजानन माली, शेखर धर, नीरज भटनागर, संजय सिन्हा, मोहित शर्मा, ऋचा बजाज, अजय मिश्रा समेत अनेक संगीतप्रेमियों की उपस्थिति ने वातावरण को और भी मंगलमय बना दिया। “जो आए, वो गाए” न केवल एक सांगीतिक प्रतियोगिता है, बल्कि यह एक ऐसी साधना है जहाँ हर आवाज़ को मंच मिलता है, हर सुर को पहचान मिलती है और हर कलाकार को आत्मविश्वास की उड़ान। सीजन-4 का प्रथम अध्याय इतना ऊर्जावान रहा कि आगामी भाग के लिए लोगों की उत्सुकता चरम पर पहुँच चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments