प्रभारी मंत्री ने नाव से बाढ़ग्रस्त गांवों का जायजा ले पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री, दीनापुर प्रावि पर डीएम-एसपी संग की राहत कार्यों की समीक्षा
करंडा क्षेत्र में गंगा की विनाशकारी बाढ़ की विभीषिका देखते हुए राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने डीएम व एसपी के साथ करंडा क्षेत्र में गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित गांवों का नाव से निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों में भोजन का पैकेट आदि का वितरण किया। इसके बाद बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं जानीं और फिर राहत कार्यों की समीक्षा की। वहां से उन्होंने दीनापुर के प्राथमिक विद्यालय पर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया। मंगलवार की दोपहर 1 बजे मंत्री ने बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री, राशन, पके हुए भोजन सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने दीनापुर के प्राथमिक स्कूल पर बाढ़ पीड़ितों से संवाद किया। जहां ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को अपनी समस्याएं सुनाईं। मंत्री ने धीरज से उनकी समस्याओं को सुना और जल्द ही निस्तारण का भरोसा दिया। साथ ही राहत कार्यों के स्थिति की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ के राहत शिविरों और चौकियों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करें, ताकि बाढ़ प्रभावित महिलाओं और अन्य नागरिकों की पूरी सुरक्षा व सहायता तय हो सके। कहा कि पुलिस व प्रशासन लगातार भ्रमणशील रहकर ग्राम प्रधानों व स्थानीय सांभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय बनाएं रखें और बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने राहत कार्यों में और तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि इस आपदा की स्थिति में सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ी है। इस मौके पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा, एडीएम दिनेश कुमार, सीओ सिटी आदि रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments