Breaking

बुधवार, 20 अगस्त 2025

दबंग द्वारा सद्गुरू मिष्ठान में तोड़फोड़ से आक्रोशित दुकानदारों ने बंद की दुकानें

दबंग द्वारा सद्गुरू मिष्ठान में तोड़फोड़ से आक्रोशित दुकानदारों ने बंद की दुकानें, दूसरे पक्ष का खराब मिठाई से कुछ के बीमार व खून की उल्टी होने का आरोप

सिधौना खानपुर थानाक्षेत्र के सिधौना बाजार स्थित मिठाई की दुकान पर दबंगों द्वारा की गई तोड़फोड़ के विरोध में दुकानदारों ने मंगलवार को सिधौना बाजार की सभी दुकानें बंद कर अपना विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तारी की मांग की। बाजार में सद्गुरू मिष्ठान्न के नाम से खुली दुकान के मालिक सुबोध कुमार ने बताया कि 3 दिनों पूर्व वाराणसी के राजवाड़ी निवासी दबंग किस्म के इंद्रसेन सिंह ने दुकान से मिठाई खरीदकर ऑनलाइन उसका भुगतान किया था। इसके बाद घर जाने के बाद मिठाई खराब होने की बात कहकर मिठाई वापस करने का दबाव दुकानदार पर बनाया। जब दुकानदार ने मिठाई वापस करने से मना किया तो मनबढ़ ने दुकान पर बवाल काटते हुए काउंटर पर जमकर तोड़फोड़ कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकार्ड हो गई। इधर बाजार में दिनदहाड़े घटना होने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में डर का माहौल बन गया। इसके बाद पीड़ित सुबोध कुमार सीसीटीवी कैमरे का फुटेज लेकर थाने गया और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इधर घटना के बाद बाजार के आक्रोशित दुकानदारों ने विरोध कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अपनी दुकानों को बंद कर दिया और मंगलवार की दोपहर 2 बजे तक बंद किया। घटना के बाबत एसओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी इंद्रसेन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इधर इंद्रसेन के पुत्र विशाल सिंह ने बताया कि दुकानदार ने खराब मिठाई दी थी, जिसे खाकर घर के लोग बीमार हो गए थे और 2 लोगों को वाराणसी में भर्ती कराना पड़ा। यहां तक कि आरोप लगाया कि मुझे तो खून की उल्टी हुई थी। कहा कि उक्त दुकानदार के खिलाफ खराब मिठाई बेचने की तहरीर दी जाएगी। वहीं एसओ ने बताया कि अभी दुकान के खिलाफ तहरीर मिली नहीं है, तहरीर व मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments