Breaking

रविवार, 17 अगस्त 2025

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे डॉक्टर की संदिग्ध हाल में नहर में मिली लाश

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे डॉक्टर की संदिग्ध हाल में नहर में मिली लाश, पास में ही खड़ी थी स्कूटी

जमानियां एक तरफ पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की खुशियों में सराबोर था तो दूसरी तरफ सेवराई के देवल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात असैचंदपुर निवासी आयुष चिकित्सक डॉ. अनुपम पल्लव की लाश जमानियां स्थित बहादुरपुर के नहर में संदिग्ध हाल में मिलने से उनके परिजनों में चीख पुकार मची हुई थी। स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे चिकित्सक की नहर में लाश व पास में ही उनकी स्कूटी खड़ी मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अनुपम स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने स्कूटी से जा रहे थे। इस बीच रास्ते में पड़ने वाली नहर किनारे से जब लोग गुजरे तो देखा कि किसी का एक हाथ बाहर निकला है। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकाला तो वो चिकित्सक की निकली। उनकी स्कूटी वहीं खड़ी थी। वहीं घटना की सूचना सीएमओ सहित विभागीय कर्मियों को भी मिली तो उन्होंने आवश्यक जानकारी ली। चिकित्सक की मौत किन हालातों में ये हुई, ये तो कोई नहीं बता सका लेकिन उन्हें जानने वालों ने बताया कि घरेलू कलह के चलते वो कुछ समय से डिप्रेशन में थे। बहरहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी ज्योति सहित मां उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। 3 भाईयों में बड़े डॉ. अनुपम की करीब 6 माह पूर्व ही ज्योति से दूसरी शादी हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments