लंपी रोग के फिर पांव पसारने से पशुपालकों में डर, नगर में लंपी से पीड़ित गोवंश का गोरक्षक टीम ने किया इलाज
सैदपुर क्षेत्र के गोवंशों में तेजी से फैल रहे लंपी रोग के चलते पशुपालकों सहित गोवंशों का बुरा हाल हो गया है। ये बीमारी पूरे क्षेत्र के बहुतेरे गोवंशों में तेजी से फैलकर उन्हें अपना शिकार बना रही है। इस दौरान नगर के टाउन नेशनल मैदान में शनिवार को एक गाय लंपी रोग से ग्रसित दिखी। जिसके बाद स्थानीय लोगों के बताने पर गोरक्षक टीम के अध्यक्ष रमेश यादव डब्लू पहुंचे और सहयोगियों की मदद से दोपहर 2 बजे गाय को पकड़कर उसे दवा का इंजेक्शन लगाया। शनिवार को सुबह से ही एक गाय मैदान सहित आसपास के क्षेत्रों में भटक रही थी। उसके शरीर पर बड़े फफोले बन गए थे। जिसके दर्द से वो परेशान थी। यहां तक कि उसका बछड़ा भी गाय को छोड़ गया था। इस बीच नगर निवासियों ने रमेश यादव को फोन पर सूचना दी तो वो अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दौड़ाकर गाय को पकड़ा गया। जिसके बाद रमेश यादव ने पशु चिकित्सक द्वारा दिए गए लंपी रोग के इंजेक्शन को गाय को लगाया। जिसे लगाते हुए गाय को आराम मिला और वो सुस्त होकर जमीन पर बैठ गई। इस बाबत रमेश ने बताया कि पशु चिकित्सक को फोन किया गया था लेकिन वो कहीं अन्यत्र होने के चलते नहीं आ सके। बता दें कि क्षेत्र में तेजी से फैल रहे लंपी रोग को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नहीं है। जिसके चलते समुचित गोवंशों को वैक्सीन या दवा नहीं लग पा रही है। पशुपालकों ने विभाग से अभियान चलाकर सभी मवेशियों को लंपी से बचाव की वैक्सीन लगाने की मांग की है। बता दें कि काफी सालों पहले भी ये रोग क्षेत्र के गोवंशों में फैला था। इस मौके पर टीम के कंचन यादव सहित नीरज निषाद, अजय वर्मा, सभासद प्रतिनिधि प्रकाश यादव आदि रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments