दैनिक जनजागरण न्यूज की खबर का असर, सैदपुर व मुहम्मदाबाद क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं की हुई जांच, अनियमितता पर कईयों के लाइसेंस सस्पेंड
गाजीपुर साधन सहकारी समितियों पर खाद वितरण में हो रही अनियमितता को लेकर दैनिक जनजागरण न्यूज की मंगलवार को प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर जिले में उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया और बड़ी कार्रवाई करते हुए सैदपुर व मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के कई खाद विक्रेताओं के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए। जिससे पूरे जिले के विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को जिला कृषि अधिकारी ने सैदपुर क्षेत्र व उप कृषि निदेशक ने मुहम्मदाबाद क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर जिला कृषि अधिकारी ने जहां 3 विक्रेताओं के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए। वहीं उप कृषि निदेशक ने 4 के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए। इसी क्रम में खामियां मिलने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने मेसर्स खुशबू फर्टिलाइजर सहित किसान खाद भंडार व बालाजी खाद भंडार के लाइसेंस सस्पेंड किए। वहीं उप कृषि निदेशक ने मेसर्स त्रयंबकेश्वर ट्रेडर्स, शिवशक्ति ट्रेडर्स, किसान कृषि केन्द्र व हरिओम फर्टिलाइजर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए। निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं के स्टाक व बिक्री रजिस्टर सहित रेट बोर्ड में अनियमितता पाई गई। कई विक्रेताओं ने पुराने रजिस्टर को ही नहीं दिखाया। जिससे संदेह की स्थिति पैदा हुई। वहीं कईयों में मोबाइल नंबर और रकबा ही दर्ज नहीं था। कुछ दुकानों पर स्टॉक व रेट बोर्ड पर कुछ लिखा ही नहीं गया था। इन सभी अनियमितताओं के चलते ये कार्यवाही की गई। जिसके चलते जिले भर के विक्रेताओं में हड़कंप है। बताया कि जिले भर में थोक, फुटकर सहित सहकारी समितियों पर जांच की जा रही है। बता दें कि सैदपुर में जांच के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सहकारी समिति के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की थी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments