Breaking

सोमवार, 4 अगस्त 2025

गंगा व गोमती का विकराल रूप देख ग्रामीणों में दहशत, पलायन करने लगे लोग

गंगा व गोमती का विकराल रूप देख ग्रामीणों में दहशत, पलायन करने लगे लोग, अधिकारियों ने दौरा कर भेजी नावें

सिधौना गंगा व गोमती नदी में आई बाढ़ अब विकराल रूप ले चुकी है और जद में आने वाली हर चीज को अपने आगोश में लेकर डुबाती चली जा रही है। वर्तमान में गौरहट व तेतारपुर गांव चारों तरफ से गोमती नदी की बाढ़ से घिर चुका है। गौरहट गांव में तो स्थिति ये हो गई है कि लोगों को शौच भी जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे में गंगा व गोमती की बाढ़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। इस दौरान सिधौना के राजकीय गेस्ट हाउस में जहां बाढ़ चौकी की स्थापना की गई है, वहीं गोरखा के जसवंत राय इंटर कॉलेज में प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों के लिए शरणार्थी आश्रय स्थल बनाया है, जिसे खोल दिया गया है। इधर बाढ़ ने तटवर्ती गांवों में तबाही मचानी शुरू कर दी है। जिसके चलते दोपहर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड व तहसीलदार हिमांशु सिंह ने बाढ़ से चौतरफा घिर चुके तेतारपुर व गौरहट गांव का दौरा किया। जहां बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ पीड़ितों के सहयोग के लिए प्रशासन ने तत्काल 6 मोटरयुक्त नावों का संचालन गांवों में शुरू कर दिया। जिसके चलते ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी। बता दें कि गंगा के बढ़ रहे जलस्तर के चलते गोमती भी अपने उफान पर है। इधर गांवों में जाकर अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी वार्ता की और उनकी समस्याएं जानीं। वहीं इस समय जिस तेजी से नदियों का जलस्तर बढ़ते हुए 36 घंटे पूर्व ही खतरे के निशान को पार कर गया है, उससे ग्रामीणों में खौफ का माहौल है और लोग रतजगा करने को विवश हैं। इधर गंगा किनारे बसे कुसहीं पटना में भी बाढ़ का कहर है। यहां तक कि गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन किनारे मौजूद बालगोपाल इंटर कालेज तक पानी में डूब गया है और स्कूल के कमरों में पानी भर गया है। वहीं सिधौना, खरौना आदि में भी बाढ़ का प्रकोप है। इसके अलावा तेतारपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय, गौरहट स्थित प्राथमिक विद्यालय व सिधौना के मलहिया बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी अब गोमती नदी का पानी घुस गया है। जिसके चलते तीनों विद्यालयों को अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments