Breaking

रविवार, 17 अगस्त 2025

गड्ढामुक्त सड़कों का दावा हवा हवाई, गाजीपुर जिले की जर्जर सड़कों पर एक-एक पलटे 5 टेंपो

गड्ढामुक्त सड़कों का दावा हवा हवाई, जिले की जर्जर सड़कों पर एक-एक पलटे 5 टेंपो, जमकर लगे मुख्यमंत्री व विधायक मुर्दाबाद के नारे

 गाजीपुर शहर की सड़कें अब मौत का जाल बनती जा रही हैं। प्रशासन के गड्ढा मुक्त अभियान के सरकारी दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिसके चलते लंका-कचहरी मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण एक के बाद एक 5 टेम्पो पलट गए, जिसमें एक बच्चा घायल हो गया और एक महिला गंभीर रूप से चोटिल हो गई। घटना के बाद पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटना के बाद सड़क की जर्जर दशा को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। जिसके बाद छात्रनेता के नेतृत्व में भारी संख्या में नागरिकों ने लंका-कचहरी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान योगी सरकार सहित सदर विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष व जिला प्रशासन के मुर्दाबाद के नारे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को पत्रक सौंपा। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्यवाही की मांग की। छात्रनेता ने कहा कि ये हादसा सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। ये गड्ढे अब नागरिकों के जीवन के लिए खतरा बन गए हैं। कहा कि शायद प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है। चेतावनी दिया कि यदि अगले 7 दिनों में शहर की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सुधांशु तिवारी, अमित राय, रवि कुमार, मनीष कुमार, कमलेश कुमार, आसिफ, मुकेश, मनोज, राजकुमार, कमलेश, शिवम राय, रमेश, राहुल, सलमान, तूफानी, सत्येंद्र, रोहित आदि रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments