सोनभद्र में हिनौता रोड पर मुठभेड़ 25 हजार का इनामी अरेस्ट, पुलिस पर चलाई थी गोली, एसओजी ने की कार्रवाई.
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को 25 हजार के इनामी बदमाश अमित यादव उर्फ प्रिंस को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। हिनौता रोड पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई से बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। आरोपी अमित पर बीते तीन जुलाई को मशान बाबा के पास पिस्टल से फायरिंग कर एक व्यक्ति को घायल करने का आरोप है।
इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई थीं। रविवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाल गोपालजी गुप्ता और एसओजी प्रभारी बृजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीम ने हिनौता रोड पर घेराबंदी की।खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की।सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि बदमाश अमित यादव उर्फ प्रिंस (24) चंदौली जिले के बाघी, थाना नौगढ़ का निवासी है। उस पर शक्तिनगर व नौगढ़ थाने में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एसपी अशोक कुमार मीणा की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments