Breaking

मंगलवार, 1 जुलाई 2025

अमेरिका से आई भारत के लिए स्वर्णिम खुशखबरी, विश्व पुलिस गेम्स के पहले ही दिन गाजीपुर के तीरंदाज ने जीत लिया गोल्ड मेडल

अमेरिका से आई भारत के लिए स्वर्णिम खुशखबरी, विश्व पुलिस गेम्स के पहले ही दिन गाजीपुर के तीरंदाज ने जीत लिया गोल्ड मेडल

गाजीपुर अमेरिका से भारत व विशेष रूप से गाजीपुर के लिए स्वर्णिम खुशखबरी आई है। अमेरिका के बर्मिंघम में शनिवार से शुरू हुए विश्व पुलिस गेम्स में पहले ही दिन गाजीपुर के तीरंदाज ने लक्ष्य भेदते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही भारत के खाते में ये पहला स्वर्ण पदक जुड़ गया है और गाजीपुर का भी नाम रोशन हुआ है। भारतीय समयानुसार उन्हें ये उपलब्धि आज भोर करीब साढ़े 3 बजे मिली है। विश्व पुलिस गेम्स में तीरंदाजी प्रतियोगिता हुई, जिसमें कुल 3 इवेंट होने हैं। इन इवेंट में टारगेट आर्चरी, फील्ड आर्चरी व थ्रीडी आर्चरी है। पहले दिन शनिवार को टारगेट आर्चरी हुई। जिसमें मनीष दुबे ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 900 अंकों में से 720 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस जीत के साथ ही पूरे जिले सहित देश भर में हर्ष का माहौल है। अपनी इस जीत से गदगद मनीष ने बताया कि अभी तीरंदाजी में 2 इवेंट बाकी हैं। ऐसे में वो पूरी कोशिश करेंगे कि 2 स्वर्ण पदक और हासिल कर सकें। द्रोणा एकेडमी के कोच सतीश दुबे भारतीय पुलिस के उच्चाधिकारियों व मनीष के साथ सीधे संपर्क में हैं। उनकी इस उपलब्धि के बाद एकेडमी के खिलाड़ियों सहित जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष मुकेश सिंह, सचिव नंदू दुबे आदि ने मनीष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारतीय पुलिस और देश के लिए ये गौरव का क्षण है। कहा कि ये जिले के हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणादायी होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments