Breaking

सोमवार, 27 मई 2024

सपा व सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी पर सीएम योगी का निशाना सैदपुर में कहा माफिया परिवार से बिग्रेडियर उस्मान का नहीं है कोई संबंध

गाज़ीपुर सैदपुर सीएम योगी ने रविवार को सैदपुर के टाउन नेशनल मैदान से सपा व सपा के प्रत्याशी पर जमकर निशाना साधा। वो भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। तय समय से 32 मिनट देर से पहुंचे मुख्यमंत्री योगी नौतपा की भीषण गर्मी में भी उत्साह से खड़ी जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए हेलीपैड से फ्लीट में न बैठकर पैदल ही मंच की तरफ रवाना हो गए। उनको पैदल देखकर जनता और नारे लगाने लगी। इसके बाद मंच पर पहुंचकर उन्होंने एक बार फिर से सभी का अभिवादन लिया और फिर सम्बोधित करना शुरू किया। योगी ने मुख्तार अंसारी व सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी पर हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया भर के अपराध करके अब वो खुद को बचाने के लिए ब्रिगेडियर उस्मान के नाम का सहारा लेते हैं। कहा कि माफिया परिवार से बिग्रेडियर उस्मान का कोई संबंध नही है। आज के समय मे ये सबसे बड़ा झूठ है। कहा कि कल को अगर सपा ये कहे कि हमने राम मंदिर बनवाया है तो ये झूठ ही होगा। कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाला मन्दिर कैसे बना सकता है। कहा कि गाजीपुर में महर्षि विश्वामित्र के नाम पर मेडिकल कालेज बना है और वो ही सबसे पहले आतंकवाद से लड़े थे। उन्ही की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने माफियाओं के सीने पर बुलडोजर चलाकर समाज को भयमुक्त किया। आज नारी और व्यापारी दोनों भयमुक्त है। कहीं भी किसी समय भी आ-जा सकते हैं। कहा कि अपराधियों व आतंकवादियों को मारने के लिए भाजपा जरूरी है। कहा कि हजारों वर्ष पूर्व ही महर्षि विश्वामित्र ने इसकी घोषणा कर दी थी। राक्षसों के लिए कहा कि विश्वामित्र के ले जाने पर अयोध्या के श्रीराम व लक्ष्मण ने राक्षसों को मारकर पूरे क्षेत्र को अभय प्रदान किया। कहा कि हम भी जब तक पापियों को मार नहीं लेंगे, सांस नहीं लेंगे। कहा कि सुशासन की पहली शर्त होती है कानून का राज व सुरक्षा। जो लोग कानून की धज्जियां उड़ाते थे, यूपी का बुलडोजर उनकी छातियों को रौंदकर सभी को अभय प्रदान कर रहा है। कहा कि आपकी वोट ने अयोध्या में रामलला का मंदिर बना दिया, देश की सीमाओं को सुरक्षित बना दिया, विकास के बड़े कार्य, हाईवे, रेलवे, वाटर-वे, एयरपोर्ट, हर जिले में मेडिकल कॉलेज, हर घर नल की योजना के रूप में देखने को मिल रहा है। कहा कि जब कांग्रेस व सपा को ये वोट जाता था तो वो देश का सम्मान बेचते थे, आतंकवाद व नक्सलवाद को देश के अंदर पनपाते थे, भ्रष्टाचार करते थे, बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते थे। माफिया खुली जीप में चढ़कर हिंदुओं को भय व दहशत के माहौल में जीने को मजबूर करते थे। गरीब के हक पर डकैती डालते थे। कहा कि आपने वोट मोदी जी को दिया, उनके नेतृत्व में सरकार बनी और दुनिया के अंदर भारत का सम्मान बढ़ गया। कहा कि अब तो पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि साहब, इसमें मेरा हाथ नहीं है। कहा कि यहां के माफिया को जब अपने काले कारनामे को छिपाने को जगह नहीं मिलती को कहता है कि वो ब्रिगेडियर उस्मान के परिवार के लोग हैं। कहा कि इन सभी का ब्रिगेडियर उस्मान के परिवार से कोई संबंध नहीं है, जो कहता है वो झूठ बोलता है। इससे कोरा झूठ कोई नहीं हो सकता है। कहा कि अगर सपा कहे कि हमने राम मंदिर बनवा दिया तो आप मानेंगे क्या? कहा कि राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले मंदिर क्या बनाएंगे। आतंकवादियों के पैरों पर व माफियाओं के सामने घुटने टेकने वाले राम मंदिर का निर्माण व सुरक्षा क्या प्रदान करेंगे। कहा कि इसीलिए भाजपा आपकी सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। कहा कि महर्षि विश्वामित्र के नाम पर हमने इसीलिए गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया है। कहा कि याद करिए कि मोदी जी के नेतृत्व में आज देश के 80 करोड़ लोग निःशुल्क राशन पा रहे हैं। पहले ये राशन माफिया और डकैत हजम कर जाते थे। कहा कि मोदी जी ने घोषणा किया है कि 40 जून के बाद जब फिर से सरकार बनेगी तो 70 वर्ष से अधिक उम्र के हर नागरिक को हर साल 5 लाख रूपए तक के इलाज का आयुष्मान कार्ड जारी किया जाएगा। सपा कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि वो कहते हैं कि वो सत्ता में आएंगे तो पर्सनल लॉ लागू करेंगे। इसका मतलब होता है कि तालीबानी शासन। कहा कि बाबा साहब के बनाए गए संविधान से चलेगा। भारत यहां शरिया कानून लागू नहीं होने देगा। कहा कि शरिया कानून का मतलब ये है कि बेटियां स्कूल नहीं जा सकतीं, महिलाएं बाजार नहीं जा सकतीं, घर के अंदर बुरके में रहना होगा उन्हें। कहा कि ये फिर से 3 तलाक कानून को लागू करना चाहते हैं लेकिन हम इसे भारत में फिर से नहीं लागू होने देंगे। कहा कि प्रदेश सरकार ने होली और दीपावली पर सभी उज्ज्वला लाभार्थियों को फ्री गैस सिलेंडर प्रदान किया है। सात करोड़ परिवार को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिली हुई है। चार करोड़ गरीबों का मकान बनाया गया है। उन्होने कहा कि एक तरफ रामलला का मंदिर बना, दूसरी तरफ माफियाओं का सफाया हुआ और इसी के चलते प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है। विपक्ष का इंडी गठबंधन देशवासियों पर जजिया कर लगाना चाहता है। जैसे ही विपक्ष सत्ता में आएगा तो कांग्रेस पार्टी आम आदमी के संपत्ति का बटवारा कर आधा हिस्सा मुसलमानों को देने का मन बना चुकी है। ओबीसी, एससी व एसटी के आरक्षण को भी बांटकर मुसलमनों को हिस्सेदारी दे देगी। इसलिए देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मोदी की एक बार फिर सरकार बनायें। उनके पूर्व भोजपुरी फ़िल्म स्टार व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सम्बोधित किया और गाने के माध्यम से प्रचार किया। पूर्व विधायक सुभाष पासी ने स्मृति चिह्न व एमएलसी विशाल सिंह ने गदा भेंट किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments