Breaking

गुरुवार, 2 मई 2024

अफजाल अंसारी का विवादित बयान, माफिया मुख्तार अंसारी की देश के अमर शहीद राजगुरू, सुखदेव, भगत सिंह आदि से कर दी तुलना

अफजाल अंसारी का विवादित बयान, माफिया मुख्तार अंसारी की देश के अमर शहीद राजगुरू, सुखदेव, भगत सिंह आदि से कर दी तुलना, मचा बवाल

गाजीपुर। बसपा सांसद व सपा के लोकसभा प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने अपनी चुनावी रैली के दौरान एक विवादित बयान देते हुए माफिया मुख्तार अंसारी की तुलना देश के अमर शहीदों से कर दी और मुख्तार अंसारी को भी शहीदों के समकक्ष खड़ा कर दिया। जमानियां क्षेत्र में अपनी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अफजाल अंसारी ने कहा कि फिर से एक आजादी की जंग शुरू हो चुकी है और ये जंग है अपने अधिकार, सम्मान के लिए और इसमें भी कुर्बानी देनी पड़ेगी। कहा कि राजगुरू, सुखदेव, अशफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद आदि ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी थी। अगर उन्होंने अपनी जान ये सोचा होता तो अगर देश आजाद होगा तो हमें क्या मिलेगा तो आज देश आजाद नहीं होता। लेकिन उन्होंने सोचा कि कुर्बानी देने के बाद ही देश को स्वतंत्रता मिलेगी। इसके लिए वो आगे बढ़कर कुर्बान हो गए और इसके बाद देश में क्रांति की किरण पैदा हुई और देश में अंग्रेजों की सत्ता का पतन हुआ। कहा कि एक बार फिर से आपको आजादी की लड़ाई लड़नी है। देश के अमर शहीदों से माफिया मुख्तार अंसारी की तुलना करते हुए कहा कि हम तो यही मानते हैं कि हमारे भाई ने भी आगे बढ़कर इस जंग में अपनी कुर्बानी दी है। कहा कि मेरा पूरा खानदान कुर्बानी देने को तैयार है। अफजाल अंसारी के इस बयान के बाद सियासी जगत में हड़कंप मचा हुआ है और चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्ष इस मामले को मुद्दा बनाने की तैयारी में जुट गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments