Breaking

मंगलवार, 2 जनवरी 2024

लखीमपुर पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा, आईईसी वैन बनी आकर्षण का केंद्र

विधायक-डीएम-चेयरमैन ने किया स्टालों का अवलोकन, लाभार्थियों को दी सौगाते

● आईईसी वैन बनी आकर्षण का केंद्र, पीएम के कटऑउट संग सेल्फी खिंचाने की होड़

लखीमपुर खीरी 01 जनवरी। नगर पालिका परिषद लखीमपुर के तत्वावधान में सोमवार को नगरीय क्षेत्र में हीरालाल धर्मशाला से तहसील मार्ग पर समारोहपूर्वक "विकसित भारत संकल्प यात्रा" के तहत भव्य कार्यक्रम हुआ। जिसका शुभारंभ विधायक (सदर) योगेश वर्मा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, पालिकाध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय ने एडीएम संजय सिंह, एसडीएम श्रद्धा सिंह, ईओ संजय कुमार संग दीप जलाकर शुभारंभ किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी योजना के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। विभिन्न योजनाओं के लिए वंचित और पात्र व्यक्तियों का चयन करते हुए लाभान्वित किया जा रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाना एवं प्रमुख सरकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत परिपूर्णता हासिल करना है। 

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचे, जिसे साकार करने में यह यात्रा एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य  सर्वप्रथम वंचित लोगों को केंद्र, प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने का संकल्प है। उसके बाद वंचित समुदायों औऱ प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं से संतृप्ति करने का लक्ष्य रखा गया है।

अध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव ने कहा कि पीएम द्वारा शुरू की यह यात्रा केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे लोगों तक पहुंचकर उनको मुख्यधारा से जुड़ने और एक सुगम जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही। इस यात्रा के माध्यम से जन-जन की सेवा करने और 'विकसित भारत' की संकल्पना को साकार करने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को "विकसित भारत का संकल्प" दिलाया। विधायक योगेश वर्मा ने डीएम, पालिकाध्यक्ष संग केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने आईईसी प्रचार वाहन का अवलोकन करते हुए पीएम के रिकॉर्डेड उद्बोधन को देखा और सुना गया। इसके बाद केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालो का अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में ईओ संजय कुमार ने आभार ज्ञापित किया। इस मौके पर पीओ डूडा डॉ अजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, ईई विद्युत शैलेंद्र कुमार, डीएसओ अंजनी कुमार सिंह सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ, लाभार्थी व सम्मानित नगरवासी उपस्थित रहे।

डीएम ने दिलाया "विकसित भारत का संकल्प":

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने, गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंने, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करने, भारत की एकता को सुदृढ़ करने, देश कि रक्षा करने वालों का सम्मान करने और नागरिक होने का कर्तव्य निभाने का संकल्प दिलाया।

विधायक, डीएम, पालिकाध्यक्ष ने किया स्टालों का अवलोकन, की सराहना : 

विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, पालिकाध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टालो का अवलोकन किया। स्टालो पर मौजूद कार्मिकों से जरूरी जानकारी लेकर उत्साह, मनोबल बढ़ाया। निर्देश दिए कि स्टालों के जरिए न केवल योजनाओं की जानकारी दी जाए बल्कि उन्हें योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित भी किया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments