Breaking

गुरुवार, 7 दिसंबर 2023

बेसिक शिक्षा में अभिनव कार्य पर बीएसए डॉ0 लक्ष्मीकांत पांडेय को मिला राष्ट्रीय अवॉर्ड

दिनाँक 06 दिसम्बर 2023, लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा में किए गए अभिनव प्रयोगों और उपयोगी नावाचारों के लिए खीरी के पूर्व बीएसए एवं वर्तमान में जनपद बुलंदशहर में कार्यरत डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय को दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाज़ा गया। 05 दिसम्बर 2023 को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। खीरी में कार्य करते रहते बीएसए का चयन होने पर जिला प्रशासन सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों और शिक्षकों ने अपार खुशी जाहिर की है।

बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने जिले में रहते मिशन कायाकल्प से स्कूलों को बेहतर बनाने की दिशा में विशेष काम किया। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग की ई- मैग्जीन उड़ान की शुरुआत की। खीरी के स्कूलों के शैक्षिक माहौल में गुणात्मक सुधार और स्कूलों के पर्यवेक्षण के लिए सोशल मीडिया का बेहतरीन उपयोग बीएसए ने किया। शून्य निवेश के साथ इस मैग्जीन का प्रवेशांक जून में आया। इसमें शिक्षामंत्री, महानिदेशक, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सहित डीएम व सीडीओ का संदेश भी प्रकाशित किया गया। बीएसए ने ई- मैगजीन को हर महीने शुरू कराया। ई-मैगजीन में सरकार की योजनाएं, विभाग की गतिविधियां, कार्यक्रम, उपलब्धियां, नवाचारों, शिक्षकों को अच्छे काम, शिक्षकों के नवाचार, कविताएं, अभिनव प्रयोगो, मेधावी बच्चों का नवोदय शिक्षकों के उल्लेखनीय कार्य और कायाकल्पित परिवेश वाले उत्कृष्ट विद्यालय शामिल किये जाते हैं। बच्चों के कार्यक्रमों के अलावा विभाग के कार्यक्रम और स्कूल आफ द वीक आदि को शामिल किया जाता है।
ई-मैगजीन उड़ान डीएम महेंद्र बहादुर सिंह सीडीओ अनिल कुमार सिंह के संरक्षण एवं बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय के निर्देशन में तैयार की गयी। मुख्य संपादक के रूप में आशीष प्रताप श्रीवास्तव ने कुशल संपादन का कार्य किया। ई-मैगजीन उड़ान तैयार करके इसको वाट्सएप ग्रुपों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाता है। शिक्षा जगत से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े समाज के बुद्धिजीवियों व समुदाय के साथ साथ इससे अभिभावकों को भी जोड़ा गया है।

पूर्व में नकहा में रहे बीईओ को भी मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

खीरी जिले के नकहा ब्लॉक में तैनात रहे बीईओ पुष्पेन्द्र जैन को भी बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। श्री पुष्पेंद्र जैन वर्तमान में औरैया जनपद में विकास खंड बिधूना में खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं।

 प्रदेश के इन अधिकारियों को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

 उत्तर प्रदेश से डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय के साथ प्रयागराज के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी और लखनऊ के विकासखंड गोसाईगंज में कार्यरत श्री रामराज को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। साथ ही औरैया जनपद के बिधूना ब्लॉक के बीईओ पुष्पेंद्र जैन, प्रयागराज के बीईओ ओमप्रकाश मिश्रा, शाहजहांपुर के ब्लॉक जलालाबाद के बीईओ सुनील कुमार सिंह, बरेली के ब्लॉक भुता के बीईओ भानु शंकर गंगवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री द्वारा सर्टिफिकेट ऑफ़ अप्रिशिएसन  पुरस्कार दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments