लखीमपुर खीरी 14 अक्टूबर। खीरी में मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति के चतुथे चरण का कलेक्ट्रेट में शुभारंभ हुआ। परिषदीय स्कूलों की छात्रा ने सतरंगी गुब्बारो को आकाश में छोड़कर विधायक योगेश वर्मा एवं डीएम डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा के संग अभियान की जोरदार शुरुआत की। शहर में जहां एक और जागरूकता के लिए महिला सशक्तिकरण रैली निकाली गई। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी ने बेहतर कामकाज करने वाली 80 महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
शनिवार को विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने भाजपा नेता आशू मिश्रा, सीडीओ अनिल कुमार सिंह एडीएम संजय सिंह, एएसपी नेपाल सिंह के साथ कलेक्ट्रेट से नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज महिला सशक्तिकरण रैली को रवाना कर किया, जो शहर के लोहिया तिराहा, जिला कारागार, महिला चिकित्सालय, जीआईसी, रोडवेज, हीरालाल धर्मशाला, संकटा देवी, सदर चौराहा, मेनरोड से होते हुए विलोबी हाल पर समाप्त हुई। रैली के जरिये केंद्र और राज्य सरकार की ओर से महिलाओं-बेटियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, डीआईओएस डॉ महेंद्र प्रताप सिंह, डीपीओ संजय निगम, डीपीओ (आईसीडीएस) भारत प्रसाद, डीपीआरओ सौम्यशील सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
महिला सशक्तिकरण रैली के आकर्षण का केंद्र रहा स्कूली बैंड
महिला सशक्तिकरण रैली में सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर आकर्षण का केंद्र रहा। इस रैली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रथ, डायल-112, पीआरवी वाहन, एम्बुलेंस, रंग-बिरंगे गुब्बारों से सुसज्जित दोपहिया वाहनों पर महिला पुलिसकर्मी, महिला कार्मिक सहित नगर के जीजीआईसी, अब्दुल कलाम कन्या इंटर कॉलेज, गुरुनानक विधिक सभा इंटर कॉलेज, कुंवर खुशवतराय बालिका इंटर कॉलेज, भगवानदीन आर्यकन्या डिग्री कॉलेज व इंटर कॉलेज, सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, जिला मुख्यालय के परिषदीय विद्यालयों की बड़ी संख्या में बालिकाएं एवं महिलाएं शामिल हुई।
=========
● केंद्रीय मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 80 महिला कार्मिकों को किया सम्मानित
● कलेक्ट्रेट में हुई सीएम कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग
● नारी के सम्मान से ही देश का गौरव बढे़गा : केंद्रीय मंत्री
◆ केंद्रीय मंत्री ने की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की वॉच लॉन्चिंग
लखीमपुर खीरी 14 अक्टूबर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में शनिवार को मिशन शक्ति के चतुथे चरण की शुरुआत पर कलेक्ट्रेट में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग हुई, जिसमें सीएम के उद्बोधन को देखा और सुना गया।
केंद्रीय मंत्री ने डीएम, एसपी, सीडीओ संग बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ योजना के तहत वॉच की लांचिंग की। केंद्रीय मंत्री ने उत्कृष्ट कामकाज वाली माध्यमिक विद्यालयों की प्रधानाचार्य डॉ शालिनी दुबे, डॉ मीनाक्षी तिवारी, डॉ ज्योति तिवारी, सीमा टंडन, भारती जायसवाल, शिप्रा बाजपेई समेत पुलिस, महिला कल्याण, चिकित्सा, राजस्व, पंचायतीराज, बाल विकास एवं महिला कल्याण, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की 80 महिला कार्मिकों को सम्मानित किया।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए ढ़ण संकल्पित है। महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं स्वावलंबन के लिए नित नए कदम उठा रही है। नारी के सम्मान से ही देश का गौरव बढे़गा। मिशन 'शक्ति' को सफलता के आयाम तक पहुंचाए जाने में सबका सहयोग अपेक्षित है। महिलाएं जितना सशक्त होंगी, उतनी ही तीव्रता के साथ सशक्त समाज की स्थापना होगी। पीएम ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने को अनेक योजनाएं चलाई, ताकि महिलाओं की क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में हो सके। सरकार ने गृह मंत्रालय में वूमेन सेफ्टी के लिए एक अलग डिवीजन बनाया। प्रत्येक थाने में महिला डेस्क की स्थापना कराई और महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता के लिए टोल फ्री सर्विसेज शुरू की। महिलाओं को शैक्षिक एवं स्किल डेवलपमेंट के लिए महिलाओं को एनआरएलएम से जोड़ा। जनधन खातों से महिलाओं को बैंकों से ही नहीं बल्कि हर योजना में प्रमुखता से जोड़ा। आज समाज के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की उपस्थिति दिख रही। दुनिया में भारत की छवि बढ़ती जा रही है, उसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका है। पीएम की सोच है कि महिलाएं आगे बढ़े। पं. दीनदयाल जी के दर्शन में उल्लेख है कि जबतक महिला सशक्तिकरण नहीं बढ़ेगा, तबतक भारत पुराना वैभव प्राप्त नहीं करेगा।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मिशन शक्ति की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। महिलाएं अपनी शक्ति को पहचानें। नारियों को मजबूत करने के लिए सरकार नित नए कदम उठा रही। उन्होंने आज सम्मानित होने वाली महिला कार्मिकों को शुभकामनाएं देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कार्यक्रम के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि महिलाएं दृढ संकल्पित होकर किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकती है। अंधकार तभी छूटेगा जब समाज में महिलाओं और बच्चियों के प्रति भेदभाव खत्म होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments