Breaking

गुरुवार, 19 जनवरी 2023

आलम ने अनुज बनकर रचाई शादी, दो गोलियां खाकर न्याय की लड़ाई लड़ रही पल्लवी

प्रयागराज : नर्सिंग की छात्रा के साथ लव जिहाद का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह मामला दिल्ली के श्रद्धा मर्डर के जैसा ही है लेकिन फर्क सिर्फ इतना है कि दिल्ली की श्रद्धा के कथित मुस्लिम पति ने उसका कत्ल कर शरीर के 36 टुकड़े कर दिए थे, जबकि प्रयागराज में लव जिहाद का शिकार हुई नर्सिंग की छात्रा से धर्म छिपाकर कोर्ट मैरिज करने वाले ने करीबी रिश्तेदारों से गोली चलवाकर मौत का घाट उतारने की कोशिश की. शरीर पर दो गोली लगने के बाद गंभीर रूप से जख्मी हुई नर्सिंग की छात्रा महीनों के इलाज के बाद अब अपने पैरों पर खड़ी होने लायक हो गई है.हालांकि पीड़ित छात्रा पर अब हत्या के प्रयास और लव जिहाद के मामले में दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लिए जाने का दबाव बनाया जा रहा है. उसे तेजाब डालकर जिंदा जलाए जाने या फिर एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतारे जाने की धमकी दी जा रही है. लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित छात्रा बेहद डरी हुई है और उसे अपनी जान की फिक्र सता रही है. पीड़ित छात्रा ने अब अपनी जिंदगी बचाने और इंसाफ पाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है.बलिया की रहने वाली पीड़ित छात्रा का आरोप है कि क्लब हाउस ऐप के जरिए उसे एक साजिश के तहत जाल में फंसाया गया. उसका शारीरिक शोषण किया गया फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया. नशे का इंजेक्शन देकर करीबियों से गैंग रेप कराया गया फिर गोली मारकर जान लेने की कोशिश की गई और अब उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है. सीएम ऑफिस को किए गए ट्वीट के बाद प्रयागराज पुलिस ने पीड़ित छात्रा को सुरक्षा मुहैया करा दी है.बारह-बारह घंटे की दो शिफ्ट में एक महिला और एक पुरुष कांस्टेबल उसकी सुरक्षा में तैनात कर दिए गए हैं, हालांकि प्रयागराज पुलिस का दावा है कि यह लव जिहाद का नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद का मामला है. इस मामले में दो एफआईआर दर्ज जरूर हुए हैं, लेकिन मामला फैमिली कोर्ट में भी चल रहा है. दरअसल यूपी के बलिया जिले की रहने वाले पल्लवी सिंह साल 2019 में 12वीं का इम्तिहान पास करने के बाद नर्सिंग का कोर्स करने के लिए संगम नगरी प्रयागराज आ गई थी. क्लब हाउस ऐप के जरिए यहां उसकी दोस्ती अनुज प्रताप सिंह से हुई. 
कुछ ही मुलाकातों में दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे और इसके बाद शादी का फैसला किया. दोनों ने 24 फरवरी 2022 को कोर्ट मैरिज कर ली. पल्लवी के मुताबिक शादी होने के बाद उसे पता चला कि अनुज प्रताप सिंह मुसलमान है और उसका असली नाम मोहम्मद आलम है. पीड़िता का दावा है कि शादी से पहले मोहम्मद आलम उर्फ अनुज प्रताप सिंह उसके साथ मंदिरों में जाता था. पूजा करता था, टीका लगाता था. उसके हाव-भाव से कभी यह एहसास नहीं हुआ कि वह इस्लाम धर्म से ताल्लुक रखता है. शादी के बाद ही उसे यह भी जानकारी मिली कि मोहम्मद आलम पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments