Breaking

रविवार, 6 नवंबर 2022

प्रचंड विजय के साथ गोलागोकर्णनाथ से भाजपा विधायक बने अमन गिरि

     गोलागोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में तमाम अटकलों, अनुमानों, आंकलन व अफवाहों पर विराम लगाते हुए पिता की विरासत व स्वयं की प्रतिष्ठा बचाने के साथ भाजपा प्रत्याशी अमन गिरि भारी अंतर के साथ जीत गए हैं। आज सम्पन्न हुई मतगणना के 32 चक्रों में उन्होंने सपा प्रत्याशी विनय तिवारी  से कुल 34298 वोटों के बड़े अंतर से खिताबी जीत दर्ज करवाई। यहां मुकाबला आमने-सामने का था।
उल्लेखनीय है कि स्मृतिशेष विधायक अरविंद गिरि के असामयिक निधन से यह विधानसभा सीट रिक्त हो गयी थी। उसके बाद यहां निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने अमन गिरी को उम्मीदवार व सपा ने विनय तिवारी को प्रत्याशी बनाया था। कांग्रेस व बसपा ने इस उपचुनाव में हिस्सा नही लिया था। इसके अलावा 5 प्रत्याशी और मैदान में थे। भाजपा ने विजयरथ को आगे बढाने के लिए यहां 40 स्टार प्रचारक घोषित कर जबरदस्त प्रबंधन किया था। इस चुनाव के प्रभारी सन्तोष सिंह, पार्टी जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ ईरा श्रीवास्तव सहित जिले के तमाम पदाधिकारी लगातार बैठक, सभाएं, जनसम्पर्क कर माहौल बनाने का प्रयास करते दिखे। मुख्यमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री, विधायको व पार्टी के बड़े नेताओं ने भी चुनावी सभाएं कर जन अपील की थी। उधर सपा ने भी 39 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। सपा नेता भी अपने प्रत्याशी विनय तिवारी की ताजपोशी सुनिश्चित करने के लिए कवायद करते दिखे। 
बीते 3 नवम्बर को मतदान के बाद आज मतगणना के बीच अटकलों का बाजार गर्म रहा। सोशल मीडिया पर एक ही सवाल कौन बनेगा विधायक? हालांकि सियासी समझ  रखने वालों को यह चुनाव एकतरफा लग रहा था लेकिन क्रिकेट व चुनाव दोनों अनिश्चितताओं का खेल है, जब तक निर्णय नही होता तब तक कुछ निश्चित नही होता। वहां आखिरी गेंट यहां आखिरी वोट बहुत मायने रखती है। वैसे भी बसपा, कांग्रेस के इस उपचुनाव से बाहर रहने के निर्णय के बाद यह चुनाव आमने सामने का दो पर दो हो गया था। 
भाजपा तैयारी से लेकर हर मतगणना तक हर कदम पर अव्वल दिखी। लगभग उसी से मिलता जुलता मतगणना का परिणाम दिखा। आज मतगणना के दिन शुरुआती चक्र से भाजपा ने बढ़त बना ली थी, जो परिणाम तक पहुंचते पहुंचते बड़ी जीत में बदल गयी। सुबह मतगणना की शुरुआत में भाजपा दो राउंड में 3300 वोटो से आगे थी जो बढ़त फाइनल 32वे राउंड में बढ़कर 34298 हो गयी।भाजपा को कुल 124810 वोट व सपा को कुल 90512 वोट मिले। भाजपा की इस प्रचंड विजय की घोषणा के बाद जिले भर के भाजपा कार्यालयों में उमंग व उत्साह का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments