Breaking

रविवार, 6 नवंबर 2022

हाइम योग संस्थापक प्रिंस रंजन बरनवाल समेत लखीमपुर जिले के 8 योग शिक्षक सम्मानित होंगे "राष्ट्रीय योगवीर सम्मान" 2022 से

06 नवंबर, लखीमपुर। अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ द्वारा देश के उत्कृष्ट योग शिक्षक/शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय राजधानी में आगामी 9 नवंबर को विशाल समारोह में राष्ट्रीय योगवीर सम्मान से विभूषित कर उन्हें ऊर्जित व उत्साहित किया जाएगा।
अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के तत्‍वावधान में राष्ट्रीय योग वीर सम्मान-2022 का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 9 नवम्बर को नई दिल्ली के लाजपत भवन ऑडिटोरियम में होगा, बताते चलें कि महासंघ अपने प्रथम राष्ट्रीय कार्यक्रम की तैयारियां पूरे जोर-शोर से कर रहा है।
इस क्रम में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में महासंघ के संस्थापक, अध्यक्ष योगगुरु मंगेश त्रिवेदी ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ० मुंजपरा महेंद्रभाई कालूभाई, केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन जलमार्ग और पर्यटन राज्यमंत्री श्रीपाद येसो नाइक, आवास एवं शहरी विकास मंत्री श्री कौशल किशोर, मोरार जी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग के डॉयरेक्टर डॉ ईश्वर वी० बसवारेड्डी सहित राजर्षि पवनदत्त जी महाराज को आमंत्रित किया है।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोविड काल में इम्यूनिटी बूस्टर ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम, 51 लाख सूर्य नमस्कार कार्यक्रम, 71 लाख सामूहिक सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम, 21 लाख स्कूली बच्चों के लिए योगाभ्यास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम सहित 75 लाख लोगों को हृदय रोगो से बचाव के लिए योगाभ्यास कार्यक्रम आदि विभिन्न उपक्रमों में अपना सराहनीय योगदान देने वाले समस्त योग शिक्षकों, महासंघ के विभिन्न पदाधिकारियों एवं मार्गदर्शक मंडल को राष्ट्रीय योग वीर सम्मान-2022 से सम्मानित किया जाएगा। 
कार्यक्रम में महासंघ के पहले अन्तर्राष्ट्रीय कार्यक्रम 51 लाख सामूहिक सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार करने वाले और राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रभारी योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल को महासंघ द्वारा गेस्ट ऑफ ऑनर (विशिष्ट अतिथि) के रुप आमंत्रित किया गया है। 
प्रिंस रंजन बरनवाल सहित योग के क्षेत्र में योगदान के लिए हाइम योग के योग प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, राजदीपिका तिवारी, धौरहरा के राजहंस मिश्र, अमित शुक्ला, योगी कुलदीप वर्मा, डॉ० हरिओम वाजपेई, विपिन कुमार पाण्डेय को  सम्मानित किया जाएगा। 
बताते चलें कि योगगुरु मंगेश त्रिवेदी के सानिध्य में योग की बारिकियों को सीखकर प्रिंस रंजन बरनवाल ने 2018 में शहर में आमजन के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु हाइम‌ योग की स्थापना की थी।
हाइम योग आज पूरे जनपद में योग के क्षेत्र में विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से योग जागरूकता, स्वास्थ्य संवर्धन और‌ समाज सेवा के कार्य कर रहा है।‌
दिल्ली में इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों के 300 से अधिक योग वीरों को राष्ट्रीय योग वीर सम्मान 2022 से सम्मानित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments