वाराणसी। दशाश्वमेध घाट पर शनिवार की सुबह दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं से भरी नाव गंगा में डूब गई। संयोग अच्छा था कि सभी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद नाविक नाव छोड़कर भाग गया। दो लोगों की हालत खराब होने पर कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस फरार नाविक की तलाश कर रही है।
केरल से आए 34 श्रद्धालुओं का दल शनिवार की सुबह गंगा में बोटिंग कर रहा था। नाविक ने सभी श्रद्धालुओं को एक ही नाव में बैठा लिया। घाट से थोड़ा आगे गहरे पानी में जाने पर नाव में अचानक पानी भरने लगा। इससे नाव में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। यह देख नाविक नाव छोड़कर भाग गया। श्रद्धालु पानी में डूबने लगे। आसपास बोटिंग कर रहे लोगों व घाट पर मौजूद नाविकों ने पानी में कूदकर डूबते लोगों को किसी तरह बचाया। सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं।पानी में डूबने की वजह से दो लोगों की हालत खराब होने लगी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। श्रद्धालुओं ने बताया कि नाव में अचानक पानी भर गया। नाविक नाव छोड़कर भाग गया। श्रद्धालु दशाश्वमेध घाट से केदारघाट होते हुए मणिकर्णिका घाट तक जाने वाले थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments