Breaking

शनिवार, 5 नवंबर 2022

नोएडा मीडिया क्लब बनेगा भव्य, सीएम योगी ने की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय प्रवास पर ग्रेटर नोएडा में थे।  रात ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा मीडिया क्लब के 13 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष पंकज पाराशर के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नोएडा मीडिया क्लब के विकास और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।पंकज पाराशर ने बताया कि योगी आदित्यनाथ नोएडा मीडिया क्लब के मानद सदस्य और संरक्षक भी हैं। यह मुलाकात संस्था के संरक्षक मंडल ने प्रस्तावित की थी, जिसका उद्देश्य संस्था को सुविधा सम्पन्न बनाने के लिए मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार को प्रस्ताव देना था। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने नोएडा विकास प्राधिकरण से कहा कि यह शहर अंतरराष्ट्रीय ख्याति रखता है। यहां का मीडिया क्लब भी उसी स्तर का होना चाहिए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को नोएडा मीडिया क्लब के विकास में हर सम्भव मदद करने का निर्देश दिया है।पंकज पाराशर ने बताया, ‘नोएडा देश का सबसे बड़ा मीडिया हब और इसे उत्तर प्रदेश की ‘शो विंडो’ कहा जाता है। नोएडा मीडिया क्लब में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से ताल्लुक रखने वाले करीब 400 जर्नलिस्ट जुड़े हैं। हमारा उद्देश्य है कि नोएडा मीडिया क्लब इनकी सामाजिक, पेशेवर और पारिवारिक गतिविधियों का केंद्र बने।’
पंकज पाराशर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करीब आधा घंटे की मुलाकात के दौरान गौतमबुद्ध नगर और उत्तर प्रदेश की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जेवर में बन रहे एशिया के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम इस चर्चा के केंद्र में रहे। सीएम ने बताया कि राज्य की औद्योगिक विकास नीति में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे विदेशी और घरेलू पूंजी निवेश के मामले में उत्तर प्रदेश बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने मीडिया से अपील की कि उत्तर प्रदेश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएं। इस युग में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मीडिया पॉजिटिव खबरों के जरिए समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में नोएडा मीडिया क्लब के संरक्षक मंडल से अनिल चौधरी, सुरेश चौधरी, मोहम्मद आज़ाद, उपाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, रिंकू यादव, महासचिव विनोद राजपूत, कोषाध्यक्ष मनोज भाटी, अवधेश शिशोदिया, धर्मेंद्र चंदेल, प्रवीण विक्रम सिंह और हिमांशु सिंह शामिल रहे। इस दौरान राज्यसभा के उपसभापति सुरेंद्र सिंह नागर, नोएडा के विधायक पंकज सिंह और जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments