अनिल कुमार श्रीवास्तव
जैसे जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, गोलागोकर्णनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव की सियासी सरगर्मी शबाब पर पहुंच रही है। इस उपचुनाव में सात उम्मीदवार मैदान में हैं और जिनका भाग्य 3 नवंबर की शाम ईवीएम में बंद हो जाएगा।
अधिसूचना और चुनावी प्रक्रियाओं की तिथियां जारी होने के बाद सभी दावेदार एक्टिव मोड़ में आ गए थे। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा व सपा ने अपने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी बिगुल फूंक दिया था। वहीं बड़े राजनीतिक दल कांग्रेस व बसपा ने इस चुनाव से बाहर रहने का निर्णय लिया था। इसके अलावा पांच प्रत्याशियों ने भी किस्मत आजमाने का निर्णय लेते हुए प्रत्याशिता की औपचारिकताएं पूरी कर नामांकन किया है। इस बीच बारिश ने उम्मीदवारों की जमीनी सक्रियता में थोड़ी बाधा जरूर डाली।
बेमौसम मूसलाधार बरसात के बाद खिली चटक धूप के बीच प्रत्याशी पूरे दम खम से कवायद में लग गए। इधर सत्तारूढ़ दल भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश मंत्रियों, सांसदों, विधायकों व जिलाध्यक्ष को लेकर 40 स्टार प्रचारकों की घोषणा कर अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इसी क्रम में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत कई भाजपा के शीर्ष नेताओं ने विशाल चुनावी जनसभा आयोजित कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। हालांकि यह प्रयास दीपोत्सव पर्वमाला के दौरान भी अनवरत जारी रही, जिसमे केंद्रीय मंत्री सहित कई भाजपा नेताओं ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का पूरा प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि यह सीट भाजपा के पास थी। स्मृतिशेष विधायक व क्षेत्र के कद्दावर नेता अरविंद गिरी के असमय निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गयी थी जिस पर उनके पुत्र अमन गिरी को भाजपा ने उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी श्री अमन क्षेत्र की जनता से मार्मिक अपील भी कर रहे हैं कि वह अपने पिता स्मृतिशेष विधायक अरविंद गिरि के सपनो व विचारों को पूरा करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, वह अपने पिता के नाम के आगे स्वर्गीय नही लगा रहे क्योंकि उन्हें भान है कि स्मृतिशेष विधायक के विचार उनके साथ हैं उनकी विकास की परिकल्पना अभी अधूरी है जिसे वह स्मृतिशेष विधायक के पदचिन्हों पर चल कर पूरा करेंगे।
उधर समाजवादी पार्टी ने पूर्व विधायक विनय तिवारी को चुनाव मैदान में उतार कर इस महत्वपूर्ण सीट पर कब्जा करने की कवायद शुरू की। भाजपा प्रचारकों की फौज से निपटने के लिए सपा ने 39 चुनिंदा सपा स्टार प्रचारकों की लिस्ट घोषित की। इस बीच सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का गोलोक गमन समूची पार्टी के लिए पीड़ादायी रहा। सपा संरक्षक काफी दिन से बीमार चल रहे थे। उत्तर प्रदेश में उनका कद काफी बड़ा था। सपा संरक्षक के निधन पर समूचा प्रदेश ही नही देश मे शोक की लहर दौड़ गयी थी। तेरहवीं तक गमगीन रही सपा की सक्रियता अपेक्षाकृत कम रही। लेकिन मतदान तिथि नजदीक आते ही पार्टी यह सीट अपने खाते में लाने का भरपूर प्रयास कर रही है। सपा प्रत्याशी श्री तिवारी मतदाताओं से सम्पर्क साध कर, सपा नेता उनके पक्ष में सभाएं, नुक्कड़ बैठक कर माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
बसपा व कांग्रेस से प्रत्याशी घोषित न होने की वजह से यह लड़ाई आमने सामने की हो गयी है। उधर 5 अन्य प्रत्याशी चुनाव प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं।
छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोलागोकर्णनाथ में हो रहे इस उपचुनाव में लगभग सभी उम्मीदवार प्रयासरत हैं, वही जिला प्रशासन इस उपचुनाव को निविर्धन, निष्पक्ष बनाने के लिए मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी की अगुवाई में सम्बंधित समूचा प्रशासनिक अमला नामांकन प्रक्रिया से लेकर हर कदम पर भारत निर्वाचन आयोग के नियमो के तहत उपचुनाव को सफल बनाने का सार्थक प्रयास कर रहा है। पुलिस प्रशासन अपने दायित्वों का पालन कर सुरक्षा व्यवस्था के खास बंदोबस्त में लगा है। हालांकि मूसलाधार बरसात के बाद आई बाढ़, जलभराव से उत्पन्न हुई बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिक्कतों के बीच यह उपचुनाव प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया था, लेकिन अपनी सक्रियता से व्यवस्थित किया।
फिलहाल सभी प्रतयाशी अपना पूरा दम खम लगा रहे हैं, भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है वहीँ स्मृतिशेष विधायक पुत्र मामिक अपील कर रहे हैं। सपा भी पूरा जोर लगा रही है। मतदाता खामोश है। ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो भविष्य के गर्भ में है, लेकिन यह तय है चुनाव बेहद रोमांचक होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments