Breaking

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2022

यमद्वितीया पर चित्रगुप्तवार के सुखद संयोग में कलम दवात की पूजा ने देश को किया चित्रगुप्तमयी

✍️ अनिल कुमार श्रीवास्तव
यमद्वितीया के पावन अवसर पर लेखनी के देवता भगवान चित्रगुप्त की स्तुति, आराधना के साथ कलम दवात पूजन कर समूचे देश मे कायस्थों कलमकारों ने हर्षोल्लास के साथ पूजा अर्चना की और अपनी लेखनी का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि कलम के पुजारियों ने पारंपरिक रूप से दीपावली की लक्ष्मी गणेश पूजा के साथ कलम रख लेखनी विश्राम किया था। इस डेढ़ दिवसीय लेखनी विराम के पीछे किवदंती है कि लंका विजयोपरांत अयोध्या वापस लौटे मर्यादापुरुषोत्तम भगवान राम के राजतिलक व स्वागत के दौरान गुरु वशिष्ठ के शिष्यों की चूक ( निमंत्रण देना भूल जाने) के कारण भगवान चित्रगुप्त उपस्थित नही हुए। और भगवान चित्रगुप्त इसे अपना अपना अनादर समझ कर कुपित हो गए। रुष्ठ हुए भगवान चित्रगुप्त ने अपनी कलम रख लेखनी विराम कर दिया जिससे समूची कायनात थम सी गयी। इसके बाद गुरु वशिष्ठ, भगवान राम सहित अन्य देवी, देवताओं ने भूल की बात कह भगवान चित्रगुप्त से अपना कार्यभार ग्रहण करने की विनती की। और भगवान चित्रगुप्त ने द्वितीया तिथि में कलम धारण कर पुनः कर्मो का लेखा जोखा व न्याय शुरू किया। भगवान चित्रगुप्त समस्त जीवधारियों व देवी देवताओं के कर्मो का लेखा जोखा रखने वाले भगवान हैं। 
परंपरा की इस कड़ी में यह ऐतिहासिक कलम दवात पूजन रहा। हमेशा डेढ़ दिन बन्द रहने वाली लेखनी इस बार तिथियों की एक दिन हानि होने से कायस्थों ने ढाई दिन लेखनी विराम रखा। आज कलम दवात की पूजा को हमारी www.dainikjanjagran.in टीम ने देश के अलग अलग हिस्सों से कलमबद्ध करने का प्रयास किया। आइये जाने कहा क्या खास रहा।
                      उत्तर प्रदेश :
        (जवाहर भवन लखनऊ, चित्रगुप्त मन्दिर)
लखनऊ। जवाहर भवन लखनऊ स्थित चित्रगुप्त मन्दिर में जे.बी. चित्रगुप्त मन्दिर ट्रस्ट द्वारा सामूहिक कलम दवात एवं भगवान चित्रगुप्त पूजनोत्सव कर पारंपरिक रूप से कलम दवात पूजा व भगवान चित्रगुप्त की स्तुति, वंदना, आरती की गयीं।कार्यक्रम में कायस्थ सेवी बलदाऊ जी श्रीवास्तव,  ट्रस्ट अध्यक्ष एड दीपक श्रीवास्तव, महामंत्री अनूप श्रीवास्तव, महिला अध्यक्ष प्रमिला श्रीवास्तव समेत दर्जनों चित्रगुप्त भक्त उपस्थित रहे।

   (चित्रगुप्त धाम, झूलेलाल वाटिका लखनऊ)
लखनऊ गोमती नदी के तट पर झूलेलाल वाटिका स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त धाम में सामूहिक कलम दवात पूजन कार्यक्रम कर भगवान चित्रगुप्त स्तुति, वंदना, आरती के बाद लेखनी की शुरूआत की गई। इस अवसर पर भगवान चित्रगुप्त कथा के साथ माँ गोमती की आरती भी की गई। कार्यक्रम संयोजक दिलीप श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव डींगर समेत दर्जनों सक्रिय चित्रगुप्त भक्त रहे।

        (मॉं दुर्गे श्री चित्रगुप्त मन्दिर, लखीमपुर)
लखीमपुर। लखीमपुर में कलम दवात चौराहे के पास शहपुरा कोठी मोहल्ला स्थित श्री दुर्गे चित्रगुप्त मन्दिर में पारंपरिक रूप से सामूहिक चित्रगुप्त पूजा, कलम दवात पूजन व महाआरती का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस धार्मिक पारंपरिक कार्यक्रम में मन्दिर हाल श्री चित्रगुप्त के जयकारों से गुंजायमान हुआ। इस दौरान चित्रगुप्त भक्तों ने क़लम दवात चौराहे पर स्थापित भव्य व मनोहारी कलम, दवात की प्रतिमा पर भी पूजा अर्चना की। 

उधर विओम हेल्थकेयर द्वारा कलम  दवात पूजन कर भगवान चित्रगुप्त की स्तुति वंदना व आरती के साथ लेखनी की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डॉ ओ पी श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, विशाल श्रीवास्तव सपरिवार उपस्थित रहे। इसके अलावा दैनिक जनजागरण न्यूज समेत लखीमपुर के समस्त कायस्थ परिवारों ने अपने अपने घरों में भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति/प्रतिमा, फोटो के आगे कलम दवात की विधिवत पूजा कर लेखनी का श्रीगणेश किया।

           (सीतापुर चित्रगुप्त मन्दिर)
सीतापुर। श्री चित्रगुप्त मंदिर मे कलम दवात पूजन कर चित्रगुप्त भक्त गणों ने हर्षोल्लास से यमद्वितीया पर्व मनाया। मंदिर मे उपस्थित होकर चित्रगुप्त दर्शन लाभ के उपरांत श्रद्धालुओं ने कॉपी पेन से लेखनी का शुभारंभ किया। व प्रसाद वितरण किया।

(बाबा रामदास आश्रम हरदोई, चित्रगुप्त मन्दिर)
हरदोई। हरदोई के बाबा रामदास आश्रम नीर स्थित भगवान चित्रगुप्त मन्दिर में परंपरागत सामूहिक कलम दवात पूजन का आयोजन कर भगवान चित्रगुप्त की स्तुति, वंदना व आरती की गईं। कलम दवात पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। चित्रगुप्त भक्तों ने इस अवसर पर बढ़चढ़ कर सहभागिता दर्ज करवाते हुए इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाया।

शाहजहांपुर में लोकजनशक्ति पार्टी ( रामविलास) के प्रदेश महासचिव शारदा प्रसाद श्रीवास्तव ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की।

अयोध्या। हैदरगंज में चित्रांश सेवा ट्रस्ट अयोध्या द्वारा यम द्वितीया पूजन व प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यहां विधिवत चित्रगुप्त पूजन कर चित्रांश प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

जौनपुर। कायस्थ कल्याण समिति जौनपुर द्वारा मंगलम लान में विभिन्न कायस्थ संगठनों व संस्थाओं के साथ मिलकर कलम दवात, चित्रगुप्त पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, संगत पंगत व चित्रगुप्त सभा के प्रतिनिधियों समेत अन्य चित्रगुप्त भक्त उपस्थित रहे।

गोरखपुर। स्थानीय श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा के तत्वाधान में भगवान चित्रगुप्त एवं कलम दवात सामूहिक पूजन आयोजित किया गया। . सामूहिक पूजन के उपरांत कल (शुक्रवार)  को रात्रि 7:00 बजे स्थापित सभी चित्रगुप्त मूर्तियां विसर्जन के लिए मंदिर परिसर के सामने आएंगी। और मंदिर के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत पूजा अर्चना के पश्चात विसर्जन हेतु एक विशाल विशाल शोभायात्रा निकाला जाएगा, जो राजघाट विसर्जन तक जाएंगी.उक्त जानकारी मन्दिर सभा उपाध्यक्ष संजय वर्मा ने दी।

गाजियाबाद। शिप्रा कायस्थ महासभा द्वारा स्थानीय इंदिरापुरम की शिप्रा रिवेरा सोसायटी में सामूहिक चित्रगुप्त मूर्ति पूजा व कलम दवात पूजा सफलता पूर्वक सम्पन्न कर भगवान चित्रगुप्त की आराधना, स्तुति व वंदना की। इस अवसर पर विवेक कुमार, पुनीत सक्सेना सहित दर्जनों कायस्थ उपस्थित रहे।

श्री चित्रगुप्त पूजा समिति ने इंदिरापुरम की रेलविहार सोसायटी में सामूहिक कलम दवात पूजन कर भगवान चित्रगुप्त की स्तुति की। इस मौके पर अतुल श्रीवास्तव, ज्योति सक्सेना मौजूद रही।

क्रासिंग रिपब्लिक चित्रांश महापरिवार ने जीएच7 सोसायटी के क्लब हाउस में कलम दवात पूजा का 8 वां वर्ष सफलतापूर्वक सम्पन्न कर कलम दवात की पूजा की। प्रमुख लोगो मे प्रशांत सिन्हा, मनीष अम्बष्ट ने उपस्थित होकर चित्रगुप्त आस्था का संचार किया।

चित्रांश सभा घुकना ने आरडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के पास कलम दवात का पूजन कर भगवान चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की। प्रमुख लोगो मे रमेश श्रीवास्तव, अनिल सिन्हा मौजूद रहे।

चित्रगुप्त कल्याण समिति ने साहिबाबाद के शालीमार गार्डेन के चंद्रशेखर आजाद पार्क में कलम दवात पूजन कर भगवान चित्रगुप्त की उपासना की। डी के श्रीवास्तव, रंजन कुमार श्रीवास्तव आदि लोगो ने पूजा में सक्रिय सहयोग किया।

चित्रांश परिवार कायस्थ सभा गाजियाबाद ने नेहरू नगर के माता वैष्णो एवं चित्रगुप्त मन्दिर में स्थापित चित्रगुप्त मूर्ति के सामने कलम दवात का पूजन किया। सुधीर माथुर, अजीत सक्सेना आदि कायस्थ उपस्थित रहे।

प्रताप विहार इलाके के विजयनगर के टोडलर होम स्कूल में श्री चित्रगुप्त परिवार कायस्थ सभा ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा व कलम दवात पूजा की। उपस्थित रहने वालों में प्रमुख विजय सक्सेना, अजीत सिन्हा रहे।

प्रताप विहार की प्राचीन शिव कुटी एवं चित्रगुप्त मन्दिर में श्री चित्रगुप्त कायस्थ सेवा समिति ने कलम दवात की सामुहिक पूजा कर भगवान चित्रगुप्त आस्था का संचार किया। इस मौके पर आंनद श्रीवास्तव, राजीव रंजन आदि रहे।

शास्त्रीनगर चिरंजीव विहार के शिवशक्ति मन्दिर में शास्त्रीनगर कायस्थ सभा द्वारा सामूहिक कलम दवात पूजन सम्पन्न की गई। इस अवसर पर बीना श्रीवास्तव, आर के सक्सेना आदि चित्रगुप्त भक्त मौजूद रहे।

नोएडा। नोएडा के सेक्टर 55 स्थित श्री शिव शक्ति मन्दिर में श्री नारायण सांस्कृतिक चेतना न्यास (रजि.) व श्री चित्रगुप्त सभा ट्रस्ट नोएडा ( रजि.) द्वारा श्री चित्रगुप्त पूजनोत्सव आयोजित किया गया। पूरे विधिविधान से पूजा, अर्चना, हवन, आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेनो वेस्ट एक मूर्ति गोलचक्कर के पास चेरी काउंटी स्थित श्री शिव मंदिर में श्री चित्रगुप्त परिवार ग्रेनो वेस्ट द्वारा गत दिवस 26 अक्टूबर को सामूहिक कलम दवात पूजन व सहभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संजीव वर्मा, आशीष सक्सेना, धनन्जय श्रीवास्तव,  प्रभास सहाय, आकाश सक्सेना,  संजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी सुपरटेक ईकोविलेज-1 में आज धूमधाम से चित्रगुप्त पूजा का आयोजन किया गया। जिसमें सोसायटी के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

   (मॉ वैष्णो देवी, श्री चित्रगुप्त मन्दिर, ग्रेटर नोएडा)
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिरभोज ( सिटी पार्क) पार्क के पास स्थित मां वैष्णों देवी, श्री चित्रगुप्त मन्दिर में भगवान चित्रगुप्त पूजा, हवन व भंडारा आयोजित किया गया। आयोजन समिति में राजेश माथुर, राघवेंद्र श्रीवास्तव, विश्वबन्धु निगम चित्रगुप्त भक्तों सहित प्रयासरत रहे।

मथुरा। मथुरा स्थित भरतपुर गेट के पास श्री चित्रगुप्त मन्दिर कायस्थ सभा  में  मध्यान्ह 01 बजे से, श्री चित्रगुप्त अभिषेक, पूजन एवम कलम दवात पूजन किया गया।  गाज़ियाबाद श्री चित्रगुप्त पीठेश्वर  महामंडलेश्वर सच्चिदानंद जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमयी चित्रगुप्त कथा की रसधार से चित्रगुप्त भक्तों की आस्था का सिंचन किया गया। इस अवसर पर एस एस जौहरी सहित तमाम चित्रगुप्त भक्तों ने भक्तिमयी वातावरण में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

गुड़गांव। गुड़गांव के सेक्टर 56 स्थित केंद्रीय विहार की कम्यूनिटी सेंटर में चित्रगुप्त महापरिवार गुड़गांव द्वारा दशम वर्ष पर चित्रगुप्त पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरमई, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। कार्यक्रम के बीच चित्रगुप्त भक्तों ने जलपान के दौरान परस्पर परिचय भी किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री श्रधेय लाल बहादुर शास्त्री की पुत्रबधू नीरा शास्त्री भक्तिभाव से उपस्थित रहीं।


बिहार:

पटना। पटना के नौजरघाट व गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी स्थित चित्रगुप्त मंदिरों में कायस्थों ने विशाल चित्रगुप्त पूजा अर्चना की इसके बाद समरसता भोज में कायस्थों के साथ सनातन सर्वसमाज के लोगो ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए सामूहिक भोज किया।

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर। यमद्वितीया के दिन मुजफ्फरपुर चित्रगुप्त एसोसिएशन द्वारा जय प्रकाश नारायण चौक स्थित एसोसिएशन प्रांगण में चित्रगुप्त पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक सत्येंद्र कुमार पिंकू, प्रभारी अजय श्रीवास्तव, एसोसिएशन अध्यक्ष राजकुमार व महासचिव  अजय नारायण सिन्हा आदि सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

मध्यप्रदेश। 

मध्यप्रदेश के भोपाल शहर स्थित चित्रगुप्त धाम मनकामेश्वर महादेव नेवरी मंदिर लालघाटी में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ( प्रदेश एवं जिला शाखा भोपाल) राजा किशनराम पार्वतीबाई ट्रस्ट नेवरी मन्दिर के संयुक्त तत्वावधान में  भगवान चित्रगुप्त का अभिषेक, सामुहिक आरती, कलम दवात पूजन कर छप्पन भोग प्रसाद व कलम दवात प्रसाद का वितरण किया गया।
इससे पूर्व एमपी में चित्रगुप्त मंदिर ,1100 क्वाटर प्रातः 10 बजे, चित्रगुप्त मंदिर, कोटरा दोपहर 12 बजे, चित्रगुप्त मंदिर, जवाहर चौक, टी टी नगर सांय 4 बजे, चित्रगुप्त मंदिर , प्रधान मण्डपम सांय 4.30 बजे, चित्रगुप्त मंदिर , साकेत नगर, बी एच ई एल सांय 5 बजे भगवान चित्रगुप्त की पूजा व कलम दवात पूजन किया गया।

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित नौगांव चित्रगुप्त मन्दिर प्रांगण में चित्रांश परिषद नौगांव द्वारा चित्रगुप्त पूजन, हवन व प्रसाद वितरण किया गया।इस अवसर पर क्षेत्रीय चित्रगुप्त भक्तों ने पूजा कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

रीवा ( मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के रीवा  स्थित बरा के आदर्शनगर के अमरदीप मैरिज गार्डन में चित्रांश परिवार समिति रीवा द्वारा कलम दवात पूजा के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त पूजा, सम्मान समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि  प्रदेश के डिप्टी कमिश्नर जीएसटी दीप खरे रहे और अध्यक्षता समाजसेवी बिंदेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव ने की।

जबलपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा व नगर के सभी संगठनो द्वारा यम दुतिया पर्व पर दोपहर तीन बजे श्री चित्रगुप्त प्रेम मंदिर राईट टाऊन जबलपुर से पूजन के पश्चात श्री चित्रगुप्त जी की झाकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गयी। यह शोभायात्रा का यह 36 वां वर्ष था जो बस स्टेड, सुपर मार्केट, फुहारा, सराफा होते हुये अराध्य देव जी के प्राचीन मंदिर चित्रगुप्त फूटाताल मंदिर मे पहुंची। यहां बपूजन हवन चालीसा पाठ महा आरती के पश्चात् भंडारा आयोजित गया |

चंडीगढ़

चंडीगढ़। इससे पूर्व यमद्वितीया तिथि की पूर्व संध्या पर कायस्थ सभा चंडीगढ़ द्वारा स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र फेस 2 के ट्रियूबेन चौक के नजदीक श्री शिव मानस मन्दिर में गत वर्ष की भांति भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव सम्पन्न किया गया। पूजनोपरांत यहां सांध्य आरती के बाद रात्रिभोज की व्यवस्था भी की गई।

इसके अलावा समूचा देश भगवान चित्रगुप्त की आस्था व भक्ति के रंग में सराबोर रहा। उत्तर भारत के लगभग हर चित्रगुप्त मन्दिर पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा, स्तुति आरती, वंदना के साथ कलम दवात की पूजा कर माहौल को चित्रगुप्तमयी बनाया गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बनारस, बलिया, इलाहाबाद सहित पूर्वी हिस्सो में, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, कानपुर, बाराबंकी सहित मिडिल यूपी और बरेली रामपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, अलीगढ़ सहित पश्चिमी यूपी में चित्रगुप्त भक्ति देखते ही बनी। यहां कलमकारी ने भगवान चित्रगुप्त से आशीष लेकर कलम दवात की पूजा कर लेखनी की शुरुआत की। अगाध आस्था से भरे चित्रांशों ने अपने अपने घरों में भगवान चित्रगुप्त की फोटो, मूर्ति, प्रतिमा आदि के सामने कलम दवात की पूजा कर लेखनी की शुरुआत की। इस दौरान चित्रांशों ने भगवान चित्रगुप्त की स्तुति, वंदना, आरती के साथ चित्रगुप्त पाठ व कथा का वाचन/श्रवण भी किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments