🔘 गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में थिरेपी शिविर का शुभारंभ, उमड़ा जनविश्वास
लखीमपुर खीरी। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने वाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शहर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, पंजाबी कॉलोनी में मंगलवार से छह दिवसीय थिरेपी शिविर का शुभारंभ हुआ। आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण के इस अनूठे संगम ने पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।
शिविर के शुभारंभ से पूर्व गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी भाई गुरजंट सिंह ने अरदास कर मानवता के स्वास्थ्य, सुख और कल्याण की कामना की। प्रार्थना की पावन वाणी के बीच शुरू हुए इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में सेवा और सकारात्मकता का भाव भर दिया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सदर विधायक योगेश वर्मा ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और ऐसे जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव होता है। उन्होंने आयोजकों के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। स. गुरजीत सिंह जुनेजा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पहले ही दिन लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मात्र 200 रुपये की नाममात्र फीस देकर बड़ी संख्या में नागरिकों ने छह दिवसीय थिरेपी शिविर का पंजीकरण कराया। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के प्रति बढ़ते विश्वास की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष स. रंजीत सिंह छाबड़ा, स्टेज सचिव स. अनंत पाल सिंह, कोषाध्यक्ष स. त्रिलोचन सिंह जुनेजा, सदस्य स. जितेन्द्र सिंह छाबड़ा "रोमी", स. मनदीप सिंह छाबड़ा, सुरेन्द्र तोलानी सहित गुरुद्वारा स्टाफ, सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्वास्थ्य, सेवा और सद्भावना का यह शिविर न केवल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रेरित कर रहा है, बल्कि यह संदेश भी दे रहा है कि जब समाज सेवा की भावना से आगे बढ़ता है, तब जनकल्याण के नए द्वार स्वतः खुल जाते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments