Breaking

गुरुवार, 21 मई 2026

समीक्षा : मीम बनाम मैनिफेस्टो : सोशल मीडिया पर क्यों गूंज रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

🔘 मीम बनाम मैनिफेस्टो : सोशल मीडिया पर क्यों गूंज रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?


डिजिटल लोकतंत्र के इस शोरगुल भरे दौर में “कॉकरोच जनता पार्टी” केवल एक मजाकिया नाम नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति, सोशल मीडिया संस्कृति और जन-असंतोष के उस अंधेरे आईने की तरह उभरी है, जिसमें व्यवस्था पर जनता की हंसी भी दिखती है और हताशा भी।

जिस देश में राजनीतिक दल खुद को “जनता की आवाज़” बताते हैं, वहीं अब जनता ने शायद व्यंग्य को ही अपनी आवाज़ बना लिया है। “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम सुनते ही पहली प्रतिक्रिया हंसी की आती है, लेकिन इस हंसी के भीतर व्यवस्था पर गहरा तंज छिपा दिखाई देता है। कॉकरोच यानी वह जीव जो हर हालात में जिंदा रहता है, हर गंदगी में पनपता है और जिसे खत्म करना लगभग असंभव माना जाता है। सवाल यही है कि क्या यह नाम भारतीय राजनीति के उसी “अमर भ्रष्टाचार” और “ढीठ सत्ता संस्कृति” का प्रतीक बनाकर चुना गया है? ट्रेडमार्क आवेदन ने इस पूरे व्यंग्य को अचानक गंभीर कानूनी और व्यावसायिक मोड़ दे दिया है। अब यह केवल मीम या ट्रोलिंग नहीं रही, बल्कि एक संभावित “ब्रांड” बनती दिखाई दे रही है। यही सबसे दिलचस्प और चिंताजनक पहलू है क्या जनता की नाराजगी अब स्टार्टअप मॉडल में बदल रही है? क्या राजनीतिक व्यंग्य भी अब फॉलोअर्स, रीच, मर्चेंडाइज़ और डिजिटल कमाई का नया उद्योग बन चुका है? इंस्टाग्राम पर इतने कम समय में 11 मिलियन फॉलोअर्स पार करना कोई मामूली घटना नहीं। यह केवल वायरल कंटेंट की ताकत नहीं, बल्कि उस मानसिकता का विस्फोट है जिसमें युवा वर्ग ( zen G ) पारंपरिक राजनीतिक भाषणों से ऊब चुका है। अब वह लंबी रैलियों से ज्यादा 30 सेकेंड के तीखे व्यंग्य में सच तलाशता है। मीम्स आज की “जनसभा” बन चुके हैं और रील्स नई “राजनीतिक रैलियां”। सबसे बड़ा सवाल यह नहीं कि “कॉकरोच जनता पार्टी” कौन चला रहा है, बल्कि यह है कि इतने करोड़ लोग इसे क्यों देख रहे हैं? क्यों एक व्यंग्य अकाउंट सत्ताधारी दल के आधिकारिक सोशल मीडिया प्रभाव को चुनौती देने लगा? क्यों लोगों को राजनीतिक बहस से ज्यादा राजनीतिक मजाक आकर्षित कर रहा है? इसकी एक वजह व्यवस्था से उपजी सामूहिक निराशा भी हो सकती है। जब जनता को लगता है कि हर पार्टी सत्ता में जाकर एक जैसी हो जाती है, तब व्यंग्य ही विरोध का सबसे सुरक्षित हथियार बन जाता है। लोग सीधे नारों से नहीं, बल्कि कटाक्ष से अपनी नाराजगी जताते हैं। लेकिन इस ट्रेंड का दूसरा पहलू भी बेहद खतरनाक है। सोशल मीडिया का एल्गोरिद्म गंभीर विमर्श नहीं, सनसनी बेचता है। ऐसे में राजनीतिक चेतना कहीं “मनोरंजन” में तो नहीं बदल रही? लोकतंत्र अगर मीम्स के भरोसे चलने लगे, तो असली मुद्दे बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई कहीं हास्य के शोर में दब न जाएं। ट्रेडमार्क आवेदन यह संकेत भी देता है कि आने वाले समय में डिजिटल राजनीति केवल विचारधारा की नहीं, बल्कि “ब्रांडिंग वॉर” की लड़ाई होगी। जिस तरह कंपनियां अपने नाम और लोगो को सुरक्षित करती हैं, उसी तरह अब राजनीतिक व्यंग्य भी कॉर्पोरेट रणनीति अपनाता दिखाई दे रहा है। संभव है कि यह केवल एक सोशल मीडिया प्रयोग हो। संभव है कि यह युवाओं का डिजिटल विद्रोह हो। और यह भी संभव है कि यह किसी बड़े राजनीतिक नैरेटिव की प्रयोगशाला हो, जहां व्यंग्य के पर्दे के पीछे गंभीर रणनीतियां तैयार की जा रही हों। फिलहाल “कॉकरोच जनता पार्टी” भारतीय लोकतंत्र के उस नए दौर का प्रतीक बन चुकी है, जहां जनता वोट डालने से पहले मीम शेयर करती है, और जहां राजनीतिक ताकत अब केवल संसद में नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम की स्क्रीन पर भी तय होने लगी है। हंसी के पीछे छिपी यह बेचैनी शायद लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा संकेत है।

व्यंग्यात्मक समीक्षा : .....✍️ अनिल कुमार श्रीवास्तव दैनिक जनजागरण न्यूज ©®

डिजिटल दौर का चमका रहा सितारा है, 
Gen Z ने बदल दिया अब खेल सारा है।
मोबाइल, रील और ट्रेंड की हो रही बौछार,
राजनीति पर भी इनका हो रहा अधिकार।

#CacrochJanataParty #trendingpost
#CockroachJanataParty #MemePolitics #DigitalDemocracy #IndianPolitics #PoliticalSatire #GenZPolitics #SocialMediaRevolution #MemeVsManifesto #ViralPolitics #PoliticalMemes #InstagramPolitics #YouthVoice #DemocracyInDigitalAge #SatireNation #TrendingPolitics #ReelPolitics #PoliticalBranding #DigitalRebellion #ModernPolitics #IndianDemocracy #SocialMediaCulture #PoliticalHumor #MemeCulture #YouthAndPolitics #PoliticalNarrative #ViralTrend #DemocracyDebate #PoliticalCommentary #InternetPolitics

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments