Breaking

गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

Lmp. एलपीएस के विशेष बाजपेई और प्रखर वर्मा बने उत्कृष्टता के प्रतीक

🔘 एलपीएस लखीमपुर के विशेष बाजपेई और प्रखर वर्मा बने उत्कृष्टता के प्रतीक

लखीमपुर-खीरी। सफलता जब समर्पण से मिलती है, तो इतिहास बनता है और ऐसा ही प्रेरणादायी इतिहास रचा है लखनऊ पब्लिक स्कूल, लखीमपुर शाखा के मेधावी विद्यार्थियों ने। आई.सी.एस.ई. (कक्षा 10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्टता की ऊंचाइयों को छूते हुए जिले में गौरव का नया अध्याय जोड़ा है।

आई.सी.एस.ई. परीक्षा में विशेष बाजपेई ने 98.4% अंक अर्जित कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। व्यवसायी सत्येंद्र बाजपेई और गृहिणी पूजा बाजपेई के पुत्र विशेष ने अपनी इस सफलता से यह सिद्ध कर दिया कि लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। विशेष का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है।

वहीं आई.एस.सी. परीक्षा में प्रखर वर्मा ने 96.25% अंक प्राप्त कर नगर क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया। कृषक विजय कुमार वर्मा और शिक्षिका नीतू वर्मा के पुत्र प्रखर का लक्ष्य ए.आई./एम.एल. के क्षेत्र में शोधकर्ता बनकर तकनीकी जगत में नई दिशा देना है।

सफलता की इस उजली कतार में आई.सी.एस.ई. से अविंद्र सिंह (97.8%) ने द्वितीय और यशिका वर्मा (96.8%) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आई.एस.सी. में हर्षल शुक्ला (96%) द्वितीय तथा यशी राज (95.25%) तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि का सबसे सशक्त पक्ष रहा शत-प्रतिशत परिणाम, आई.सी.एस.ई. के 129 और आई.एस.सी. के 100 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि गुणवत्ता और अनुशासन का संगम ही उत्कृष्टता को जन्म देता है। विशेष रूप से 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 49 विद्यार्थियों ने विद्यालय की शैक्षणिक श्रेष्ठता को और भी दृढ़ता प्रदान की। इन सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया, जो यह दर्शाता है कि सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। विद्यालय परिवार के प्रेरणास्रोत चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एस.पी. सिंह, मुख्य प्रशासिका एवं पूर्व एम.एल.सी. कांति सिंह, तथा प्रबंध निदेशक सुशील सिंह ने विद्यार्थियों को दूरभाष के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “सही दिशा में किया गया परिश्रम ही विद्यार्थियों को समाज में ऊंचा स्थान दिलाता है।

” प्रधानाचार्य विजय सचदेवा ने मेधावी विद्यार्थियों को लड्डू खिलाकर और पुष्पमालाओं से सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सीनियर इंचार्ज प्रदीप रस्तोगी, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक भी गर्व और प्रसन्नता से अभिभूत नजर आए। यह सफलता केवल अंकों की नहीं, बल्कि उस विश्वास, मेहनत और मार्गदर्शन की जीत है, जो हर विद्यार्थी को अपने सपनों की उड़ान भरने की शक्ति देता है। लखीमपुर पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शिक्षा जब संस्कारों से जुड़ती है, तो परिणाम केवल उत्कृष्ट नहीं, प्रेरणादायी बन जाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Comments