खीरी में नोडल अधिकारी का संवेदनशील प्रवास
लखीमपुर खीरी, 07 फरवरी। जब योजनाएँ केवल सरकारी घोषणाएँ न रहकर आमजन के जीवन से संवाद करने लगती हैं, तब विकास अपनी सार्थकता सिद्ध करता है। शनिवार को लखीमपुर खीरी में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश सरकार की नोडल अधिकारी, आयुक्त गन्ना एवं चीनी मिनिस्ती एस अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत जनपद पहुँचीं।
कलेक्ट्रेट आगमन पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी ने जिले के प्रभारी मंत्री के भ्रमण एवं बैठकों के कार्यवृत्त की गहन समीक्षा की और जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने शिक्षा को भविष्य की आधारशिला बताते हुए आरटीई के अंतर्गत अधिकाधिक आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विद्यालयों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने जानकारी दी कि 10 फरवरी को नेशनल डी-वार्मिंग डे अभियान चलाया जाएगा, वहीं आईडीए अभियान और 16 फरवरी से मिजिल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी। नोडल अधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए इन्हें जनकल्याण का सशक्त माध्यम बताया।
सीडीओ द्वारा अटल आवासीय विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दिए जाने पर नोडल अधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की और बालिका शिक्षा में जनपद की अग्रणी भूमिका की सराहना की। श्रम प्रवर्तन अधिकारी से श्रमिकों के पंजीकरण और योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों की जानकारी ली गई। वहीं पशुपालन विभाग से गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित चौगुर्जी गांव में कराए गए विकास कार्यों की विशेष सराहना की गई। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर सीमावर्ती गांव तक पहुँचे विकास को नोडल अधिकारी ने समावेशी विकास का अनुकरणीय उदाहरण बताया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिले की मेधावी छात्राओं एवं कस्तूरबा बालिका विद्यालय की बालिकाओं को वितरित की गई 9000 ‘विद्यादायिनी पोटली’ को उन्होंने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरक कदम बताया।
इसके पश्चात नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस ने मेडिकल कॉलेज अंतर्गत चिकित्सालय निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य की गुणवत्ता व समयबद्धता की समीक्षा की। इस परियोजना का कार्य लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 (भवन), लखनऊ द्वारा किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यू.पी. सिडको द्वारा कराए जा रहे जनपद के स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल से जुड़ी ये परियोजनाएँ जनपद के समग्र विकास की रीढ़ हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments