🔘 लखीमपुर डीसीडीसी सेंटर के पीयूष त्रिपाठी बने डायलिसिस के ‘स्टार टेक्नीशियन'
🔘 डीसीडीसी किडनी केयर ने रीजन के दो उत्कृष्ट टेक्नीशियनों को दिया “स्टार टेक्नीशियन” सम्मान
लखीमपुर। गुर्दा फेल्योर से जूझ रहे रोगियों की ठिठकती, छिटकती और संघर्षों से भरी जिंदगियों को स्थिरता, संबल और आशा देने के संकल्प के साथ देशभर में सैकड़ों केंद्रों से सुसज्जित भारत की अग्रणी डायलिसिस संस्था डीसीडीसी किडनी केयर निरंतर सेवा, संवेदना और समर्पण की मिसाल रच रही है।
इसी प्रेरक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संस्था ने लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, पीलीभीत सहित 11 डायलिसिस केंद्रों पर कार्यरत सैकड़ों कुशल टेक्नीशियनों में से दो उत्कृष्ट कर्मयोगियों को “स्टार टेक्नीशियन” के गौरवपूर्ण खिताब से सम्मानित कर उनके भीतर नई ऊर्जा, नया उत्साह और नव-प्रेरणा का संचार किया।
इस गरिमामयी सम्मान समारोह की कड़ी में डीसीडीसी किडनी केयर के क्षेत्रीय प्रबंधक ( रीजनल मैनेजर ) मोहम्मद रजा ने लखीमपुर खीरी डायलिसिस सेंटर के वरिष्ठ टेक्नीशियन पीयूष त्रिपाठी को उनके अनुकरणीय कार्य, मानवीय संवेदना और उत्कृष्ट सेवा के लिए “स्टार टेक्नीशियन” अवॉर्ड प्रदान कर अलंकृत किया।
पीयूष त्रिपाठी विगत 16 वर्षों से लखनऊ, गोंडा सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निरंतर सेवा देते हुए हजारों मरीजों के जीवन में आशा की किरण बन चुके हैं। उनकी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण ने हर केंद्र पर उन्हें सम्मान और स्नेह का पात्र बनाया है। इसके साथ ही पीलीभीत डायलिसिस सेंटर के टेक्नीशियन को भी इसी प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया, जिससे समूचे अंचल में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त हो गया। यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उन अनगिनत सेवाभाव भरे क्षणों का अभिनंदन है, जिनमें टेक्नीशियन अपने कौशल से पीड़ा को कम करते हैं और जीवन में नई चेतना भरते हैं। पीयूष त्रिपाठी के इस ऐतिहासिक सम्मान से खीरी जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। डायलिसिस से जुड़े चिकित्सक, स्टाफ, मरीज और उनके परिजन बधाइयों के साथ शुभकामनाएं देने पहुंचे। श्री त्रिपाठी ने इस उपलब्धि का श्रेय डीसीडीसी किडनी केयर के शीर्ष अधिकारियों, सहयोगी साथियों और अपने परिवार को देते हुए कृतज्ञता व्यक्त की तथा कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण व निष्ठा से सेवा करने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर लखीमपुर डायलिसिस सेंटर के मैनेजर ओम शर्मा, टेक्नीशियन धर्मेंद्र गुप्ता, शुभम वर्मा, तौफ़ीक़ अहमद, विवेक, नंदिनी, शिवानी वर्मा, प्रिया वर्मा, वार्ड बॉय निधि, चंदा सहित समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निस्संदेह, डीसीडीसी किडनी केयर की यह पहल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ है, जो यह सिद्ध करती है कि जब सेवा को सम्मान मिलता है, तो संवेदना और समर्पण और भी प्रखर होकर मानवता के पथ को प्रकाशवान करते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments