माघ मेला 2026 को सुरक्षित बनाने उतरे प्रशासन के प्रहरी, सीएम आगमन से पूर्व किया सुदृढ़ अभ्यास
प्रयागराज। तीर्थराज प्रयागराज की पावन धरती पर आस्था, व्यवस्था और अनुशासन के संगम को साकार करने की दिशा में माघ मेला 2026 की तैयारियाँ अपने निर्णायक चरण में पहुँच चुकी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के 10 जनवरी 2026 को प्रस्तावित माघ मेला प्रयागराज भ्रमण के दृष्टिगत आज रिज़र्व पुलिस लाइन्स, माघ मेला स्थित तीर्थराज सभागार में पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज जोगेंद्र कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल की एक व्यापक एवं प्रेरक ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस आयुक्त महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि माघ मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सुरक्षा और सुशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री माघ मेला 2026 के प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या एवं बसंत पंचमी की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु मेला क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक बिंदु पॉइंटवार ड्यूटी, तैनात बल, मूवमेंट प्लान एवं फ्लीट संचालन की जानकारी हर स्तर तक स्पष्ट हो। रिहर्सल समय से पूर्ण हो और हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को कर्तव्य नहीं, बल्कि दायित्व समझकर निभाए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी की सतर्क आँखें और शालीन व्यवहार ही मेला की वास्तविक पहचान बनेंगे। यातायात व्यवस्था निर्बाध रहे, किसी भी मार्ग पर जाम या अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा मार्गों एवं आवागमन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आपराधिक गिरोहों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, भिक्षुकों को मेला प्रशासन द्वारा निर्धारित रैन बसेरों में भेजने, संगम क्षेत्र सहित प्रमुख स्थलों पर अतिक्रमण रोकने तथा वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा कराने के सख्त निर्देश दिए। उनका स्पष्ट संदेश था माघ मेला क्षेत्र में अनुशासन ही सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा, जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, मेला अधिकारी ऋषिराज, पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज कुमार पाण्डेय, नोडल अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। सुरक्षा, संवेदना और समर्पण के इस संकल्प के साथ प्रयागराज एक बार फिर विश्व को यह संदेश देने को तैयार है कि जब प्रशासन सजग हो और व्यवस्था सुदृढ़ हो, तब आस्था का उत्सव इतिहास रचता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments