स्क्रैच रेक बनी समय की संजीवनी, कोहरे में भी पटरी पर दौड़ी भरोसे की रेल
जम्मू, 24 दिसंबर 2025। जब सर्दियों की धुंध रेल पटरियों पर उतर आती है और कोहरा समय की गति को थामने लगता है, तब उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधा और भरोसे को प्राथमिकता बनाकर एक सशक्त समाधान लेकर सामने आया है। घने कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन में होने वाली संभावित देरी को कम करने और यात्रियों को राहत देने हेतु जम्मू मंडल ने “स्क्रैच रेक” / अतिरिक्त रेक की व्यवस्था सुनिश्चित की है एक ऐसी तैयारी, जो कठिन मौसम में भी समयबद्धता का संकल्प दर्शाती है।
इस दूरदर्शी निर्णय के अंतर्गत ट्रेन संख्या 12414 (जम्मूतवी–अजमेर) तथा 22478/22477 (श्री माता वैष्णो देवी कटरा–नई दिल्ली–कटरा) के लिए अतिरिक्त रेक तैयार रखे जाएंगे। भारी कोहरे या अन्य परिचालन बाधाओं के कारण यदि मूल ट्रेन में अत्यधिक विलंब होता है, तो ये “स्क्रैच रेक” तत्परता से संचालन में लाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाया जा सके। यह पहल मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के नेतृत्व में की गई है। इसका उद्देश्य स्पष्ट है सर्दियों में कोहरे से प्रभावित ट्रेनों को समय पर रवाना कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित और निर्धारित समय में पहुंचाना।
विशेष रूप से वे परिस्थितियां, जब ट्रेनें सात घंटे या उससे अधिक विलंबित हो जाती हैं या अनिश्चित काल तक लेट रहती हैं, ऐसे समय में “स्क्रैच रेक” एक सशक्त समाधान बनकर सामने आते हैं। इनके माध्यम से न केवल ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखी जा सकेगी, बल्कि यात्रियों को घंटों स्टेशन पर प्रतीक्षा करने की मजबूरी से भी मुक्ति मिलेगी। इस पहल पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा, “यह रेलवे द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण और यात्रियों के हित में किया गया कदम है। ठंड और कोहरे के दौरान यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना हमारा मुख्य उद्देश्य है। ‘स्क्रैच रेक’ का संचालन न केवल यात्रियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, बल्कि ट्रेनों के समय पर संचालन में भी सहायक रहेगा। यह पहल रेलवे के कुशल प्रबंधन और यात्रियों की आवश्यकताओं को समझने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।” कोहरे की चुनौतियों के बीच यह व्यवस्था केवल एक तकनीकी समाधान नहीं, बल्कि यात्रियों के प्रति रेलवे की संवेदनशीलता और सेवा-भाव का सशक्त उदाहरण है जहां हर यात्रा भरोसे, समय और सुविधा के साथ आगे बढ़े।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Post Comments